मोदी बिहार की चिंता करते हैं तो पलायन, पिछड़ेपन और बाढ़ से मुक्ति पर दें जवाब : प्रशांत किशोर

नीतीश सेतु के उद्घाटन से पहले प्रशांत किशोर ने उठाए बिहार के विकास से जुड़े तीन बड़े सवाल, बोले- चुनाव के समय ही नहीं, सामान्य दिनों में भी बिहार पर दें ध्यान।

0

पटना, 21 नवंबर 2026। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे से पहले राज्य के विकास, पलायन और बाढ़ की समस्या को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को बिहार आना चाहिए लेकिन चुनाव के समय ही नहीं बल्कि सामान्य दिनों में भी उन्हें बिहार पर उतना ही ध्यान देना चाहिए। प्रधानमंत्री शनिवार को नीतीश सेतु का उद्घाटन करने आ रहे हैं, यह अच्छी बात है, लेकिन उन्हें बिहार की बदहाली और पिछड़ेपन पर भी जवाब देना चाहिए।

 

प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री को तीन बुनियादी सवालों का जवाब देना चाहिए। पहला, दूसरे राज्यों की तुलना में लगातार पिछड़ रहा बिहार कब सुधरेगा और कब विकसित राज्यों के समकक्ष खड़ा होगा? दूसरा, बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए सूरत, मोरबी, जामनगर और पोरबंदर जैसे शहरों में पलायन कब बंद होगा? तीसरा, केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद बिहार को बाढ़ की समस्या से स्थायी मुक्ति कब मिलेगी?

उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2014 के बाद से प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद, देश की जीडीपी में योगदान और शिक्षा सहित विभिन्न पैमानों पर बिहार दूसरे राज्यों से पिछड़ता गया है। उन्होंने कहा कि आज बिहार की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत का केवल 33 प्रतिशत रह गई है। आजादी के समय यह अनुपात 70 प्रतिशत था और लालू प्रसाद के 15 वर्षों के शासन के बाद भी 40 प्रतिशत था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को इन आंकड़ों पर अपनी बात रखनी चाहिए और बिहार के विकास का रास्ता बताना चाहिए।

नीतीश सेतु के निर्माण और नामकरण पर चल रहे विवाद पर प्रशांत किशोर ने कहा कि इस पुल का शत-प्रतिशत श्रेय नीतीश कुमार को जाता है। उनकी जानकारी के अनुसार, वर्ष 2014 से पहले ही इसका अनुबंध आवंटित हो चुका था। वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव से पहले इसकी योजना तैयार हो गई थी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नामकरण होने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। हालांकि, उनके लिए इससे बड़ा सम्मान यह होता कि सात निश्चय सहित उनके कार्यक्रमों और संकल्पों को ईमानदारी से जमीन पर उतारा जाता।

विधान परिषद में नियुक्तियों में कथित भ्रष्टाचार को लेकर उन्होंने कहा कि विधानसभा और विधान परिषद की नियुक्तियों में धांधली की चर्चा पिछले डेढ़ साल से हो रही थी। अब मामला सामने आने के बाद कुछ नियुक्तियां रद्द की गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार सरकार की नस-नस में समाया हुआ है और बिना रिश्वत दिए किसी विभाग में काम कराना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि शीतकालीन सत्र में जन सुराज सभी महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाएगा।

 

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के पोस्टरों से नीतीश कुमार की तस्वीर गायब होने पर उन्होंने जदयू पर भी निशाना साधा। प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि भाजपा धीरे-धीरे जदयू को राजनीतिक रूप से समाप्त कर रही है और पार्टी का संचालन अमित शाह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छठ के दौरान भी नीतीश कुमार की तस्वीर प्रमुखता से नजर नहीं आई। सरकारी प्रचार में केवल प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को प्रमुखता दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा राजनीतिक और सरकारी गतिविधियों में नीतीश कुमार तथा जदयू की प्रभावी भूमिका लगातार कम होती जा रही है।

साभार: वेब वार्ता

Leave A Reply

Your email address will not be published.