टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘वज्र’ में विलेन बनेंगे मोहित मलिक, पहली बार पर्दे पर होगा दोनों का आमना-सामना

राम माधवानी के निर्देशन में बन रही एक्शन फिल्म ‘वज्र’ की शूटिंग जापान में होगी, मोहित मलिक निभाएंगे अहम नेगेटिव किरदार।

0

मुंबई, 20 नवंबर 2026। अभिनेता मोहित मलिक एक बार फिर अपने अभिनय से दर्शकों को चौंकाने की तैयारी में हैं। इसी कड़ी में वह अभिनेता टाइगर श्रॉफ की आने वाली फिल्म ‘वज्र’ में नजर आएंगे। वह विलेन की भूमिका निभाते दिखाई देंगे। फिल्म में पहली बार मोहित और टाइगर श्रॉफ एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे।

 

सूत्रों के मुताबिक, फिल्म ‘वज्र’ में मोहित मलिक नेगेटिव किरदार निभाने वाले हैं। महावीर जैन के प्रोडक्शन में बन रही इस फिल्म का निर्देशन राम माधवानी कर रहे हैं। फिलहाल मोहित के किरदार से जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी में उनकी भूमिका काफी अहम होगी। फिल्म की शूटिंग जापान में की जाएगी।

 

प्रोजेक्ट से जुड़े एक सूत्र ने बताया, ”मोहित का ‘वज्र’ में काफी दिलचस्प किरदार है। वह टाइगर श्रॉफ के सामने विलेन की भूमिका निभाएंगे। यह ऐसा रोल है, जिसके जरिए उन्हें बतौर अभिनेता एक अलग तरह का किरदार निभाने का मौका मिलेगा।”

 

सूत्र ने आगे कहा, ”बिरजू लोहार के बाद यह मोहित का एक और अलग तरह का किरदार होगा। पहली बार मोहित और टाइगर को एक साथ पर्दे पर देखना दिलचस्प होगा, खासकर ऐसी फिल्म में जिसकी कहानी एक्शन के इर्द-गिर्द घूमती है।”

 

मोहित मलिक हाल ही में अपने किरदार बिरजू लोहार को लेकर चर्चा में रहे थे। इस भूमिका में उनके अभिनय को काफी पसंद किया गया और यह उनके सबसे चर्चित किरदारों में शामिल हो गई। अब ‘वज्र’ में विलेन बनकर वह अपने अभिनय का एक अलग अंदाज दिखाने के लिए तैयार हैं। एक्शन से भरपूर इस फिल्म में उनका किरदार दर्शकों के लिए नया अनुभव हो सकता है।

 

मोहित मलिक के करियर की बात करें तो वह टीवी के चर्चित चेहरों में से एक हैं। उन्हें सीरियल ‘डोली अरमानों की’ में सम्राट सिंह राठौड़ और ‘कुल्फी कुमार बाजेवाला’ में सिकंदर सिंह गिल के किरदार से खास पहचान मिली। इन दोनों ही शोज में उनके अभिनय को दर्शकों का खूब प्यार मिला। अब फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर वह अपने करियर को एक नई दिशा दे रहे हैं।

 

वहीं, मोहित की फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ भी चर्चा में रही है। गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म को अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के साथ मिलकर पेश किया है। इसे रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया है। फिल्म के सह-निर्माता कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी हैं।

साभार: वेब वार्ता

Leave A Reply

Your email address will not be published.