गोयल ने भारत-अमेरिका के बीच मजबूत एवं भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखलाएं बनाने का किया आह्वान

वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच पीयूष गोयल ने भारत और अमेरिका से भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखलाएं विकसित करने का किया आह्वान, आर्थिक और रणनीतिक सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर।

0

नई दिल्ली, 20 नवंबर 2026। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने वैश्विक अनिश्चितताओं के मद्देनजर भारत-अमेरिका के बीच मजबूत एवं भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखलाएं बनाने का बृहस्पतिवार को आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि इससे देशों को किसी एक भौगोलिक क्षेत्र पर निर्भरता कम करने, महत्वपूर्ण वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने और भारत-अमेरिका के आर्थिक एवं रणनीतिक संबंधों को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

गोयल ने यहां भारत-अमेरिका आर्थिक शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं। अमेरिका के पास पूंजी, प्रौद्योगिकी और नवाचार की ताकत है, जबकि भारत के पास कौशल, प्रतिभा, विनिर्माण क्षमता तथा प्रतिस्पर्धात्मकता है।

उन्होंने कहा कि वह पांच सुझावों के साथ अपनी बात समाप्त करेंगे, जिन्हें अंग्रेजी के ‘ट्रस्ट’ शब्द के अक्षरों के जरिये समझाया जा सकता है।

मंत्री ने कहा, ‘‘पहला अक्षर ‘टी’ है। आइए, अपनी आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत और भरोसेमंद बनाएं। ‘आर’ का अर्थ है अपने मित्र देशों और साझेदारों के साथ मिलकर प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं कुछ अमेरिकी विश्वविद्यालयों के साथ उन्हें भारत लाने के लिए काम कर रहा हूं। हम अमेरिका के सभी विश्वविद्यालयों और विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक कार्यक्रमों के तहत भारत आने के लिए आमंत्रित करना चाहते हैं।’’

गोयल ने कहा कि ‘ट्रस्ट’ में ‘एस’ का अर्थ ‘स्पीक’ (बातचीत करना) है। इसके तहत दोनों पक्षों को खुलकर और स्पष्ट रूप से बातचीत करनी चाहिए तथा किसी भी तरह की बाधा या कठिनाई के बारे में एक-दूसरे को बताना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अंतिम ‘टी’ अक्षर का मतलब ट्रैक (निगरानी करना) है। इसके तहत नतीजों पर नजर रखने और प्रदर्शन के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करने की जरूरत है। उन्होंने भारत-अमेरिका चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईएसीसी) से दोनों पक्षों की जवाबदेही सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

साभार: वेब वार्ता

Leave A Reply

Your email address will not be published.