लक्ष्य सेन ने जीता जापान मास्टर्स 2026 का खिताब, फाइनल में कोकी वातानाबे को हराया
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने जापान के कोकी वातानाबे को 13-21, 21-18, 21-14 से हराकर जापान मास्टर्स का खिताब अपने नाम किया। वह इस टूर्नामेंट का पुरुष एकल खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
कुमामोतो, जापान , 16 नवंबर 2026 |भारतीय बैडमिंटन के स्टार खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने रविवार को जापान के कुमामोतो में आयोजित कुमामोतो मास्टर्स जापान 2026 का पुरुष एकल खिताब जीत लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में लक्ष्य ने मेजबान देश के खिलाड़ी कोकी वातानाबे को तीन गेम में हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
फाइनल मुकाबले में लक्ष्य सेन की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जापानी खिलाड़ी वातानाबे ने पहला गेम 21-13 से जीतकर बढ़त बना ली। हालांकि, लक्ष्य ने हार नहीं मानी और दूसरे गेम में शानदार वापसी करते हुए 21-18 से जीत दर्ज की।
इसके बाद निर्णायक गेम में भारतीय खिलाड़ी ने आक्रामक खेल दिखाया और 21-14 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। करीब 64 मिनट तक चले इस मुकाबले में लक्ष्य की शानदार रक्षात्मक क्षमता और सटीक स्मैश देखने को मिले।
इस जीत के साथ लक्ष्य सेन कुमामोतो मास्टर्स का पुरुष एकल खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। खास बात यह है कि उन्होंने नवंबर में लगातार दूसरा अंतरराष्ट्रीय खिताब जीता है। इससे पहले उन्होंने जर्मनी में आयोजित हायलो ओपन का खिताब अपने नाम किया था।
जापान मास्टर्स जीतने पर लक्ष्य को 9,200 रैंकिंग अंक भी मिले हैं। इस उपलब्धि से साल के अंत में होने वाले बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स में जगह बनाने की उनकी संभावनाएं मजबूत हुई हैं।
लक्ष्य सेन की इस जीत से भारतीय बैडमिंटन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। अब उनकी नजर आगामी हांगकांग ओपन प्रतियोगिता पर रहेगी।