वोटर लिस्ट से नाम छूटने पर चुनाव आयोग का सुप्रीम कोर्ट में बड़ा जवाब, फॉर्म-6 भरने वालों को राहत
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से नाम गायब होने पर चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर स्पष्ट किया कि पात्र मतदाताओं को दोबारा नाम जुड़वाने का अवसर मिलेगा।
नई दिल्ली, 16 नवंबर 2026| देश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में अहम जानकारी दी है। आयोग ने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम पहले वोटर लिस्ट में दर्ज थे, लेकिन नई ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं हो पाए, वे दोबारा नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आयोग के अनुसार, ऐसे मतदाताओं को फॉर्म-6 भरने पर केवल इस आधार पर मुकदमे या कानूनी कार्रवाई का सामना नहीं करना पड़ेगा कि उनका नाम पहले मतदाता सूची में मौजूद था। हालांकि, इसके लिए जरूरी है कि उनका नाम किसी दूसरी विधानसभा या संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में पहले से दर्ज न हो और आवेदन में दी गई जानकारी नियमानुसार सही हो।
चुनाव आयोग ने यह भी बताया कि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं को भी नाम जुड़वाने का एक और अवसर दिया जाएगा।
इसके लिए मतदाता संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO), सहायक अधिकारी (AERO) या बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। ECINET के जरिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
आयोग ने भरोसा दिलाया है कि कोई भी पात्र मतदाता अंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के अवसर से वंचित नहीं रहेगा।