भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। महज 15 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया के सबसे युवा पुरुष टी-20 कप्तान बनने का रिकॉर्ड बनाया है। शनिवार, 14 नवंबर 2026 को वैभव ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में बिहार की कप्तानी करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
इंदौर के होलकर स्टेडियम में बिहार और सौराष्ट्र के बीच खेले गए मुकाबले में टॉस के लिए मैदान पर उतरते ही वैभव ने इतिहास रच दिया। उस समय उनकी उम्र 15 साल और 232 दिन थी।
बिहार-सौराष्ट्र मैच में बना सूर्यवंशी का रिकॉर्ड
इंदौर के होल्कर स्टेडियम में बिहार और सौराष्ट्र के बीच मैच खेला गया। वैभव 15 साल 232 दिन की उम्र में बिहार की कप्तानी कर रहे हैं। इसके साथ ही वे इस फॉर्मेट में अब तक के सबसे युवा कप्तान बन गए।
क्रोएशिया के जैक वुकुसिक का रिकॉर्ड तोड़ा
वैभव सूर्यवंशी ने क्रोएशिया के जैक वुकुसिक का रिकॉर्ड तोड़कर यह उपलब्धि हासिल की। वुकुसिक ने 17 साल और 311 दिन की उम्र में क्रोएशिया की कप्तानी की थी। अब वैभव उनसे करीब दो साल कम उम्र में पुरुष टी-20 क्रिकेट में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
इससे पहले भारत में आधिकारिक टी-20 मुकाबले में सबसे कम उम्र में कप्तानी करने का रिकॉर्ड महिपाल लोमरोर के नाम था। उन्होंने 18 साल और 67 दिन की उम्र में राजस्थान की कप्तानी की थी।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने सौंपी कप्तानी
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए 17 सदस्यीय टीम घोषित की थी। इस टीम की कमान वैभव सूर्यवंशी को सौंपी गई। उन्हें टूर्नामेंट के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए कप्तान बनाया गया है, जबकि सूरज कश्यप को उपकप्तान की जिम्मेदारी मिली है।
वैभव इससे पहले भी नेतृत्व की भूमिका निभा चुके हैं। 2026-27 दलीप ट्रॉफी में उन्हें ईस्ट जोन का उपकप्तान बनाया गया था। उस दौरान कप्तान ईशान किशन की अनुपस्थिति में उन्होंने कुछ समय के लिए टीम की कमान भी संभाली थी।
कप्तानी डेब्यू में बनाए 18 रन
रिकॉर्ड बनाने के बावजूद सौराष्ट्र के खिलाफ वैभव की बल्लेबाजी ज्यादा देर नहीं चली। उन्होंने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद ओपनिंग करने उतरे वैभव ने 12 गेंदों पर 18 रन बनाए। उन्हें तेज गेंदबाज चेतन सकारिया ने कैच एंड बोल्ड किया।
बिहार की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 137 रन ही बना सकी। हालांकि, कप्तानी में उनका यह पहला आधिकारिक टी-20 मुकाबला उनके करियर के यादगार रिकॉर्ड में शामिल हो गया।
पहले भी कई रिकॉर्ड बना चुके हैं वैभव
वैभव सूर्यवंशी इससे पहले भी टी-20 क्रिकेट में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने थे। इसके अलावा आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में शतक जड़कर सबसे कम उम्र में टी-20 शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया था।
हाल ही में उन्होंने भारत की ओर से न्यूजीलैंड दौरे पर भी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। अब उनकी कप्तानी का यह नया रिकॉर्ड भारतीय क्रिकेट में चर्चा का विषय बन गया है।
अब इंडिया-ए के साथ जुड़ेंगे सूर्यवंशी
बिहार के लिए शुरुआती दो मैच खेलने के बाद वैभव सूर्यवंशी इंडिया-ए टीम के साथ जुड़ेंगे। उन्हें कतर के दोहा में 19 नवंबर से शुरू होने वाले एसीसी राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट के लिए टीम में शामिल होना है।
15 साल की उम्र में दुनिया के सबसे युवा पुरुष टी-20 कप्तान बनने की उपलब्धि वैभव के क्रिकेट करियर का एक बड़ा पड़ाव है। अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें उनके आने वाले मुकाबलों और प्रदर्शन पर रहेंगी।