छठ पूजा पर्व पर आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जारी की एडवाइजरी

छठ पूजा पर घाटों और जलाशयों में सुरक्षा को लेकर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अलर्ट। बच्चों की निगरानी, गहरे पानी से दूरी और आपातकालीन नंबर जारी।

0

गौतमबुद्धनगर , उत्तर प्रदेश ,13 नवंबर, 2026| अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह ने जनपद के समस्त जनमानस से छठ पूजा पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से मनाए जाने की अपील की है। छठ पूजा के अवसर पर विभिन्न घाटों, तालाबों, नदियों एवं अन्य जलाशयों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के एकत्रित होने की संभावना रहती है। ऐसे में किसी भी संभावित दुर्घटना, जल दुर्घटना, आगजनी अथवा अन्य आपातकालीन स्थिति से बचाव हेतु प्रत्येक जनमानस का सतर्क एवं जिम्मेदार रहना अत्यंत आवश्यक है।

आयोजित पर्व के दौरान स्वयं सुरक्षित रहें तथा दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अपुष्ट सूचनाओं को सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्रसारित न करें। किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में घबराने के बजाय संयम बनाए रखें तथा प्रशासन को तत्काल सूचित करें। सामूहिक सहयोग, सतर्कता एवं सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए छठ पूजा पर्व को सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।
उन्होंने बताया कि आगामी त्योहारों के दौरान जनपदवासियों की सुरक्षा के उद्देश्य से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गौतमबुद्धनगर द्वारा आमजन के लिए क्या करें क्या न करें से संबंधित आवश्यक सावधानियां जारी की गई हैं, जिससे सभी नागरिक सतर्कता बरतते हुए त्योहारों को सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मना सकें।
* श्रद्धालु केवल निर्धारित एवं सुरक्षित पूजा स्थलों तथा घाटों पर ही पूजा-अर्चना करें। प्रतिबंधित एवं अत्यधिक गहरे जल वाले स्थानों पर जाने से बचें।
* नदी, तालाब एवं अन्य जलाशयों में प्रवेश करते समय विशेष सावधानी बरतें। बच्चों को जलाशयों के किनारे अकेला न छोडें तथा उनकी निरंतर निगरानी करें।
* जलाशयों में निर्धारित सुरक्षित सीमा से अधिक गहराई तक न जाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
* पूजा स्थलों पर भीड़भाड न होने दें तथा अनावश्यक धक्का-मुक्की एवं भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न न होने दें।
* दीपक, धूप, अगरबत्ती एवं अन्य ज्वलनशील सामग्री का प्रयोग सावधानीपूर्वक करें। पूजा स्थल के आसपास आग से बचाव के पर्याप्त उपाय रखें।
* विद्युत तारों, अस्थायी विद्युत कनेक्शनों एवं सजावटी लाइटों से उचित दूरी बनाए रखें तथा खुले या क्षतिग्रस्त विद्युत तारों को न छुएं।
* घाटों पर फिसलन, गंदगी एवं जलभराव वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें।
* किसी भी आपातकालीन स्थिति, दुर्घटना अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों एवं आपातकालीन सेवाओं एवं जिला आपतकालीन कन्ट्रोल रूम 0120-2978231, 0120-2978232 को दें।
* घाटों एवं पूजा स्थलों पर तैनात पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन एवं बचाव दल के कर्मचारियों के निर्देशों का पूर्ण सहयोग एवं पालन करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.