चंडीगढ़, पंजाब, 9 नवंबर 2026| पंजाब में दिवाली के दिन पराली जलाने की घटनाओं में इस सीजन का सबसे बड़ा एकदिवसीय उछाल दर्ज किया गया। 8 नवंबर को राज्य में खेतों में आग लगने की 1,152 घटनाएं सामने आईं। इसके बाद चालू सीजन में कुल घटनाओं की संख्या बढ़कर 4,459 हो गई। एक दिन पहले यानी 7 नवंबर तक यह आंकड़ा 3,307 था।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, तरनतारन जिले में इस सीजन सबसे अधिक 654 घटनाएं दर्ज की गई हैं। वहीं फिरोजपुर 592 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है। दिवाली के दिन संगरूर में सबसे ज्यादा 194 नई घटनाएं सामने आईं। फिरोजपुर में 157 और बठिंडा में 132 मामले दर्ज किए गए।
प्रशासन की ओर से पराली जलाने पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई भी की जा रही है। 8 नवंबर तक इस संबंध में 884 एफआईआर दर्ज की गईं और 1,228 मामलों में 62 लाख रुपये से अधिक का पर्यावरण मुआवजा लगाया गया। इसमें से 32 लाख रुपये से ज्यादा की वसूली हुई है।
धान की कटाई के बाद गेहूं की बुवाई की तैयारी के बीच पराली प्रबंधन पंजाब के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। लगातार बढ़ती घटनाएं पर्यावरण और वायु गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ा रही हैं।