2 नवंबर 2026 | भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज से पहले मेजबान टीम को बड़ा झटका लगा है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने सोमवार, 2 नवंबर को पुष्टि की कि रचिन रविंद्र और मार्क चैपमैन चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर रहेंगे।
मार्क चैपमैन बाईं हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे हैं। हालिया MRI जांच के बाद उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिए करीब दो सप्ताह और रिहैबिलिटेशन की जरूरत है। वहीं, रचिन रविंद्र के दाएं कंधे की चोट अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुई है। टीम प्रबंधन उन्हें पूरी क्षमता से फील्डिंग करने लायक फिट होने तक आराम देना चाहता है।
इन दोनों खिलाड़ियों की जगह न्यूजीलैंड ने टीम में बदलाव किए हैं। हेनरी निकोल्स पहले तीन वनडे मुकाबलों के लिए और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट आखिरी दो मैचों के लिए टीम में शामिल होंगे। विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट अब पूरी सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला वनडे 4 नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच पांच मुकाबले होंगे और सीरीज का अंतिम मैच 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई में निर्धारित है।
अब देखना होगा कि रचिन और चैपमैन की गैरमौजूदगी में न्यूजीलैंड की टीम भारतीय बल्लेबाजी क्रम को कितनी चुनौती दे पाती है।