मोहाली, पंजाब, 31 अक्टूबर 2026| मोहाली के रियल एस्टेट बाजार में लग्जरी हाउसिंग को लेकर बड़ा निवेश सामने आया है। पंजाब की रियल एस्टेट कंपनी GB Realty ने अंतरराष्ट्रीय लग्जरी घड़ी और ज्वेलरी ब्रांड Jacob & Co के साथ मिलकर करीब 2,400 से 2,500 करोड़ रुपये की आवासीय परियोजना विकसित करने की घोषणा की है। यह परियोजना मोहाली के एयरपोर्ट रोड पर लगभग नौ एकड़ जमीन पर बनाई जाएगी।
इस परियोजना में कुल पांच रेजिडेंशियल टावर प्रस्तावित हैं। इनमें से दो टावर बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के नाम पर Salman Khan Residences होंगे, जबकि बाकी तीन टावर Jacob & Co ब्रांड के नाम से विकसित किए जाएंगे। पूरे प्रोजेक्ट की डिजाइनिंग Jacob & Co करेगा और निर्माण की जिम्मेदारी GB Realty की होगी।
कंपनी के अनुसार, कुल निवेश में जमीन पर 1,000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च और बाकी राशि निर्माण, विकास तथा अन्य परियोजना संबंधी कार्यों पर खर्च करने की योजना है। हालांकि, जमीन की नीलामी कीमत करीब 550 करोड़ रुपये बताई गई है।
GB Realty के प्रबंध निदेशक गुरिंदर भट्टी के मुताबिक, यह परियोजना चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के लग्जरी हाउसिंग बाजार को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है। कंपनी अगले तीन वर्षों में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक और पांच वर्षों में लगभग 10,000 करोड़ रुपये के कुल निवेश का लक्ष्य रखती है।
फिलहाल फ्लैटों की कीमत, आकार और कब्जा मिलने की तारीख जैसी जानकारियां सार्वजनिक नहीं की गई हैं। साथ ही, सलमान खान की परियोजना में निवेश या स्वामित्व हिस्सेदारी की पुष्टि भी नहीं हुई है। यह परियोजना पंजाब के प्रीमियम रियल एस्टेट बाजार के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।