झंडेवाला देवी मंदिर में आज से शारदीय नवरात्र महोत्सव – Saahas Samachar

0

लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, दर्शन एवं सुरक्षा के लिए व्यापक तैयारियां पूरी

नई दिल्ली। राजधानी के प्राचीन एवं ऐतिहासिक झंडेवाला देवी मंदिर में शारदीय नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ रविवार, 11 अक्टूबर से होगा। नवरात्र महोत्सव 20 अक्टूबर तक धार्मिक श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान दिल्ली सहित आसपास के राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के मां झंडेवाली देवी के दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना है।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर के अंदर और बाहर भव्य सजावट की गई है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।
नवरात्र शुरू होने से तीन दिन पूर्व से ही विभिन्न स्थानों के मंदिरों से श्रद्धालु मां की ज्योत लेने के लिए झंडेवाला देवी मंदिर पहुंच रहे हैं। मंदिर प्रबंधन की ओर से ज्योत लेकर आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन एवं प्रसाद सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

सुबह 4 और शाम 7 बजे होगी आरती

नवरात्र के दौरान मंदिर में प्रतिदिन प्रातः 4 बजे और शाम 7 बजे मां की आरती होगी। सुबह से शाम तक विभिन्न कीर्तन मंडलियां मंदिर भवन परिसर में मां का गुणगान करेंगी। श्रद्धालु मंदिर में होने वाले धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर मां का आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे।
मंदिर प्रबंधन द्वारा नवरात्र के दौरान होने वाले प्रमुख धार्मिक कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण YouTube और Facebook के माध्यम से भी किया जाएगा, जिससे मंदिर नहीं पहुंच पाने वाले श्रद्धालु भी घर बैठे मां के दर्शन एवं कार्यक्रमों का लाभ ले सकेंगे।

300 सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षा व्यवस्था

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और उसके आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए करीब 300 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मंदिर के सुरक्षा कर्मियों के साथ पुलिस की भी कड़ी निगरानी रहेगी। भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाएगी।
मंदिर के न्यासी एवं अतिरिक्त प्रबंधक रवींद्र गोयल ने बताया कि नवरात्र महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर प्रबंधन का प्रयास है कि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्वक मां के दर्शन कर सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.