जनपद गौतमबुद्धनगर में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का सफल आयोजन

भूकंप, अग्निकांड एवं रासायनिक रिसाव के परिदृश्यों पर तीन स्थानों पर कराया गया अभ्यास

0

गौतमबुद्धनगर, उत्तर प्रदेश,18 सितम्बर, 2026| उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश के क्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण गौतमबुद्धनगर द्वारा जनपद में भूकंप आपदा, औद्योगिक (रासायनिक) दुर्घटना एवं अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य विभिन्न प्रकार की आपदाओं एवं आपातकालीन परिस्थितियों में जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, औद्योगिक इकाइयों तथा अन्य संबंधित विभागों की तत्परता, समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना रहा।

मॉक ड्रिल के अंतर्गत जनपद में कुल 03 स्थानों पर विभिन्न आपदा परिदृश्यों के आधार पर अभ्यास कराया गया। तहसील जेवर स्थित रेडिसन दी स्कूल, नीमका में भूकंप आपदा का परिदृश्य तैयार कर मॉक ड्रिल कराई गई। भूकंप के दौरान संभावित क्षति, लोगों की सुरक्षित निकासी, बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास किया गया। तहसील सदर स्थित शारदा हॉस्पिटल में अग्निकांड का परिदृश्य बनाकर अग्निशमन एवं बचाव कार्यों का अभ्यास कराया गया। आपात स्थिति में मरीजों एवं अन्य व्यक्तियों की सुरक्षित निकासी तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय की प्रक्रिया का परीक्षण किया गया। तहसील दादरी स्थित औद्योगिक क्षेत्र में रासायनिक रिसाव की आपात स्थिति का परिदृश्य तैयार कर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। रासायनिक रिसाव की स्थिति में क्षेत्र को सुरक्षित करने, प्रभावित व्यक्तियों को रेस्क्यू करने, आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने तथा संबंधित विभागों द्वारा त्वरित कार्रवाई का अभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान संबंधित विभागों द्वारा रेस्क्यू, राहत एवं बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी, अग्निशमन, घटनास्थल पर त्वरित प्रतिक्रिया तथा आपसी समन्वय का प्रदर्शन किया गया। शारदा यूनिवर्सिटी के कैंपस में फील्ड हॉस्पिटल भी बनाया गया, जिसमें अत्यधिक घायल व्यक्तियों को रेफर कर दिया गया एवं वहां उनका इलाज किया गया।

इस अभ्यास के माध्यम से आपदा की स्थिति में उपलब्ध संसाधनों एवं मानव शक्ति की प्रभावशीलता का परीक्षण करने के साथ-साथ संभावित कमियों को चिन्हित कर भविष्य में आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का प्रयास किया गया। उक्त मॉक एक्सरसाइज में जिला प्रशासन के समस्त विभाग, पुलिस विभाग, फायर विभाग, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, पीएसी, होमगार्ड, पीआरडी जवान एवं आपदा मित्र उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की आपदा अथवा आपात स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा बचाव एवं राहत कार्यों में सहयोग प्रदान करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.