नई दिल्ली, 15 सितंबर 2026। दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए दर्दनाक इमारत हादसे के बाद नगर निगम ने राजधानी में खतरनाक और जर्जर भवनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। MCD ने अब तक करीब 2,453 इमारतों का सर्वे किया है और इनमें से 40 जर्जर एवं खतरनाक इमारतों को ध्वस्त किया जा चुका है। यह कार्रवाई शादीपुर और करोल बाग समेत कई इलाकों में की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि सत्य निकेतन में खतरनाक बिल्डिंग को तोड़ने का काम लगातार चल रहा है। 5वीं और चौथी मंजिल पूरी तरह तोड़ी जा चुकी है, जबकि तीसरी मंजिल को तोड़ने का काम चल रहा है। अधिकारी के अनुसार, मंगलवार को तीसरी मंजिल टूटने के बाद बिल्डिंग पर JCB से कार्रवाई शुरू की जाएगी। बिल्डिंग को पूरी तरह जमीन से मिलाने के बाद दूसरी खतरनाक इमारतों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू होगी।