जनपद के मा0 प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह की अध्यक्षता में “सेवा संकल्प अभियान” की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक संपन्न

जनप्रतिनिधियों से बेहतर समन्वय एवं सहयोग प्राप्त करते हुए अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान करने के निर्देश

0

गौतमबुद्धनगर,उत्तर प्रदेश, 14 सितंबर, 2026| भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस 17 सितंबर से प्रारंभ होने वाले सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से आज मा0 राज्यमंत्री, लोक निर्माण विभाग, उ0प्र0 सरकार/प्रभारी मंत्री, गौतमबुद्धनगर बृजेश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
मा0 प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों से बेहतर समन्वय एवं सहयोग प्राप्त करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों तथा आम नागरिकों को भी अभियान से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को केवल विभागीय कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए व्यापक जनअभियान का स्वरूप प्रदान किया जाए। अभियान के अंतर्गत प्रमुख शासकीय भवनों पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी संबंधित व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बेसिक शिक्षा विभाग को विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित कराने एवं उत्कृष्ट चित्रों की प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक को विद्यालयों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में अभियान से संबंधित कार्यक्रम आयोजित कराते हुए विद्यार्थियों एवं युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया। संस्कृति विभाग को कलाकारों के कार्यक्रमों के लिए स्थान एवं तिथियों का समय से निर्धारण करने के निर्देश दिए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, राष्ट्र निर्माण, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकसित भारत के संकल्प का संदेश आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए गई। ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव एवं सफलता की कहानियों को वीडियो, फोटो एवं डिजिटल माध्यमों से जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। अभियान से संबंधित कार्यक्रमों की फोटो एवं वीडियो विभागीय पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करने हेतु निर्देशित किया गया। ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’ को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के लिए संबंधित विभागों एवं तीनों प्राधिकरणों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मा0 प्रभारी मंत्री ने कहा कि यात्रा के माध्यम से सेवा एवं विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाए तथा इसमें जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न सामाजिक वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। स्वच्छता कार्यक्रमों में भी जनप्रतिनिधियों के सहयोग एवं समन्वय से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए गए। जनसामान्य, अधिकारी, कर्मचारी, युवा एवं सामाजिक संगठन श्रमदान में सहभागी बनेंगे। स्वच्छता अभियान के प्रभाव को प्रदर्शित करने के लिए अभियान से पूर्व एवं पश्चात की स्थिति के फोटो एवं वीडियो तैयार कर पोर्टल पर अपलोड किए जाये।
बैठक में ‘सेवा की कहानी’ एवं रंगोली कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया गया। रंगोली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वच्छता, सेवा, विकसित भारत-2047 एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया जाए। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में जनपद से प्रतिभाग करने वाले लोगों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए।

अभियान के समापन अवसर पर जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाये।
मा0 प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं और जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित करते हुए उनके सहयोग एवं सहभागिता से सेवा संकल्प अभियान को व्यापक एवं प्रभावी जनअभियान बनाया जाए।
बैठक में माननीय सांसद डॉ. महेश शर्मा, माननीय विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, माननीय विधायक दादरी तेजपाल नागर, मा0 विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी, प्रशासक जिला पंचायत अमित कुमार, जिला अध्यक्ष गौतमबुद्धनगर अभिषेक शर्मा, जिला अध्यक्ष महानगर महेश चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, एसीईओ नोएडा वंदना त्रिपाठी, एसीईओ ग्रेटर नोएडा प्रेरणा सिंह, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह एवं संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.