पंजाब , 09 सितंबर2026 । पंजाब में एक व्यक्ति की मौत को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब की AAP सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए मामले की स्वतंत्र जांच और पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के इस्तीफे की मांग की। इसके जवाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए संवेदनशील घटना को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में सभी आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उन्होंने पंजाब में नशे की समस्या के लिए पिछली अकाली-भाजपा और कांग्रेस सरकारों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, बुधवार को राहुल गांधी ने कथित आत्महत्या के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने मांग की थी कि मुख्यमंत्री भगवंत मान तुरंत हरपाल सिंह चीमा से इस्तीफा लें और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करें। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि आप सरकार में एक “खतरनाक पैटर्न” उभर रहा है। अगर कोई सरकार की नाकामियों पर सवाल उठाता है तो उसे धमकियों और उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है।