मिस वर्ल्ड 2026 के ताज की आज जंग, वियतनाम में होगा ग्रैंड फिनाले

भारत की निकिता पोरवाल पर टिकी नजरें

0

नई दिल्ली, 05 सितंबर2026 । मिस वर्ल्ड 2026 का बहुप्रतीक्षित ग्रैंड फिनाले आज यानी 5 सितंबर को वियतनाम में आयोजित होगा। यह प्रतियोगिता का 75वां वर्ष है और इस बार दुनिया भर की प्रतिभागी मिस वर्ल्ड के प्रतिष्ठित ताज के लिए मुकाबला कर रही हैं। आधिकारिक कार्यक्रम के मुताबिक फाइनल का आयोजन हो ची मिन्ह सिटी में होगा।

पिछले साल ओपल सुचाता ने खिताब जीता था

मिस वर्ल्ड 2025 का फिनाले पिछले साल 31 मई 2025 को हैदराबाद के हाइटेक्स एग्जीबिशन सेंटर में हुआ था। इस मुकाबले में 108 देशों की कंटेस्टेंट्स ने हिस्सा लिया था। थाइलैंड की ओपल सुचाता चुआंगश्री ने मिस वर्ल्ड 2025 का खिताब अपने नाम किया था। इथियोपिया की हासेट डेरेज फर्स्ट रनर-अप रही थीं। पोलैंड की माजा क्लाज्दा सेकेंड रनर-अप और मार्टिनिक की ओरेली जोआचिम थर्ड रनर-अप रही थीं।

निकिता पोरवाल से भारत को उम्मीद

भारत की निकिता पोरवाल के प्रदर्शन पर भारतीय दर्शकों की खास नजर है। फिनाले से पहले उन्होंने ‘Dances of the World’ सेगमेंट में भारतीय संस्कृति से प्रेरित प्रस्तुति दी। उनके परिधान और प्रस्तुति में भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।

निकिता के सामने दुनिया के अलग-अलग देशों से आईं प्रतिभागियों की चुनौती होगी। भारत की नजर लंबे समय बाद मिस वर्ल्ड का ताज वापस हासिल करने पर है। भारत ने आखिरी बार 2017 में मानुषी छिल्लर के जरिए यह खिताब जीता था।

मिस वर्ल्ड 2026 में प्रतियोगिता को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। आधिकारिक फॉर्मेट के अनुसार पहले Top 40, फिर Top 20, इसके बाद Top 12 और Top 6 का चयन होगा। अंत में Top 6 में से मिस वर्ल्ड, फर्स्ट रनर-अप और सेकंड रनर-अप चुने जाएंगे।

Top 40 में महाद्वीपीय क्षेत्रों के आधार पर प्रतिभागियों को जगह मिलेगी। Beauty With a Purpose, Multimedia, Head-to-Head और Top Model जैसी प्रतियोगिताएं भी आगे बढ़ने में अहम भूमिका निभाएंगी।

पब्लिक वोटिंग की भी भूमिका

इस बार दर्शकों को भी प्रतियोगिता में महत्वपूर्ण भूमिका दी गई है। People’s Choice के जरिए जनता अपनी पसंदीदा प्रतिभागियों को आगे बढ़ाने में मदद कर सकती है। आधिकारिक फॉर्मेट के मुताबिक सार्वजनिक वोटिंग के जरिए Top 12 और बाद के चरण में Top 6 तक पहुंचने वाली प्रतिभागियों के चयन में भी भूमिका होगी।

ताज के लिए कड़ा मुकाबला

फिनाले में पहुंचने वाली प्रतिभागियों के सामने केवल खूबसूरती ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व, संवाद क्षमता, प्रतिभा, सामाजिक सोच और मंच पर आत्मविश्वास साबित करने की चुनौती होगी। मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता पिछले कुछ वर्षों में ‘Beauty With a Purpose’ को अपनी पहचान का अहम हिस्सा बना चुकी है।

ऐसे में आज होने वाला फिनाले सिर्फ ग्लैमर और फैशन का मंच नहीं होगा, बल्कि प्रतिभागियों की सोच और सामाजिक सरोकारों का भी परीक्षण करेगा।

फिनाले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि मौजूदा मिस वर्ल्ड ओपल सुचाता के बाद अगला ताज किसके सिर सजेगा। थाईलैंड की ओपल सुचाता अपने उत्तराधिकारी को ताज पहनाएंगी।

भारत के लिए भी यह दिन महत्वपूर्ण है। निकिता पोरवाल के प्रदर्शन से देश को एक और मिस वर्ल्ड खिताब की उम्मीद है। अब नजरें फिनाले के निर्णायक चरण और अंतिम परिणाम पर टिकी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.