ईरान , 31 अगस्त 2026 । होर्मुज जलडमरूमध्य में एक सुपर टैंकर के समुद्री माइंस की चपेट में आने की खबर से तनाव और बढ़ गया है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के मुताबिक, टैंकर दक्षिणी हिस्से से गुजरते समय दो समुद्री माइंस से टकराया, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई और जहाज पूरी तरह रुक गया।
इस बीच अमेरिका ने करीब एक महीने बाद ईरान पर फिर सैन्य कार्रवाई की है। अमेरिकी सेना ने रविवार को होर्मुज स्ट्रेट के पास ईरान के लारक द्वीप पर दो रॉकेट लॉन्चर्स को निशाना बनाया।
अमेरिका के मुताबिक, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के जवान होर्मुज स्ट्रेट में रॉकेट और समुद्री माइंस लॉन्च करने की तैयारी कर रहे थे। ईरानी मीडिया ने हमले में कई सैनिकों और नागरिकों के मारे जाने की बात कही है।
IRGC ने दावा किया है कि टैंकर निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन किए बिना एक प्रतिबंधित मार्ग से गुजरने की कोशिश कर रहा था। ईरानी पक्ष ने घटना के बाद जलडमरूमध्य से गुजरने वाले अन्य जहाजों को भी अपने तय किए गए नौवहन नियमों का पालन करने की चेतावनी दी है। हालांकि, टैंकर की पहचान, चालक दल की स्थिति और नुकसान की वास्तविक सीमा को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव पहले से काफी बढ़ा हुआ है। समुद्री माइंस की मौजूदगी और जहाजों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता का असर दुनिया के महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्ग पर पड़ सकता है। होर्मुज से तेल की आवाजाही प्रभावित होने पर वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों और सप्लाई पर भी दबाव बढ़ने की आशंका है।