नई दिल्ली, 14 अगस्त 2026 । दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। स्कूल जा रही 12 साल की बच्ची को एक बस ने कथित तौर पर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
मृतक छात्रा की पहचान कायना के रूप में हुई है। वह खिचड़ीपुर में रहती थी और वसुंधरा एन्क्लेव स्थित ईस्ट प्वाइंट स्कूल में पढ़ती थी। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे वह अपने पिता के साथ स्कूटी से स्कूल जा रही थी। इसी दौरान दल्लूपुरा में डीटीसी बस ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी।
सड़क पर गिरते ही बस की चपेट में आई
बस की टक्कर लगते ही स्कूटी सड़क पर गिर गई। इसी दौरान कायना बस की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।