नई दिल्ली, नई दिल्ली में होने वाली BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप को लेकर आयोजकों ने बंदरों से निपटने के लिए बेहद अनोखी व्यवस्था की है। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में होने वाले टूर्नामेंट के दौरान बंदरों को परिसर में घुसने से रोकने के लिए लंगूर की आवाज की नकल करने वाले तीन प्रशिक्षित लोगों को तैनात किया गया है। यह व्यवस्था जनवरी में हुए इंडिया ओपन के दौरान बंदरों के कारण पैदा हुई परेशानी के बाद की गई है।
इसके लिए 3 कलाकारों को हायर किया गया है, जो मुकाबलों के दौरान लंगूर का गेटअप में तैनात रहेंगे। बंदरों को लंगूरों से डर लगता है और वे उन जगहों पर नहीं टिकते जहां लंगूर होते हैं।
दिल्ली के कई इलाकों में बड़ी संख्या में बंदर मौजूद हैं। जनवरी 2026 में इंडिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के दौरान भी बंदरों ने परेशानी खड़ी की थी। इस मंकी मैनेजमेंट की चर्चा विदेशी मीडिया में भी है।
भारतीय शटलर पीवी सिंधु ने कहा कि इस समाधान पर हंस सकते हैं, लेकिन इस कोशिश की तारीफ होनी चाहिए।
वेब सीरीज मामला लीगल है में दिखाया गया यही सॉल्यूशन
दिल्ली की ये समस्या नेटफ्लिक्स की कॉमेडी-ड्रामा सीरीज मामला लीगल है के एक एपिसोड में भी दिखाई गई है। सीरीज में पटपड़गंज डिस्ट्रिक्ट कोर्ट परिसर में बंदरों के आतंक से वकील परेशान हो जाते हैं।
एक बंदर वकील का बैग छीनकर पेड़ पर ले जाता है और उसमें रखे पैसे नीचे फेंक देता है। इसके बाद वकील बंदरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हैं और हड़ताल तक कर देते हैं।
समस्या का समाधान निकालने के लिए सीरीज में वकील एक स्थानीय व्यक्ति को लंगूर की ड्रेस पहनाने का सुझाव देते हैं। उनका तर्क होता है कि बंदर लंगूरों से डरते हैं, इसलिए बंदरों को भगाया जा सकता है।
शुरुआत में जज इस आइडिया को इंसानी गरिमा के खिलाफ बताते हैं। लेकिन बाद में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है और एक व्यक्ति को कोर्ट का MRO यानी मंकी रीपीलिंग ऑफिसर बना दिया जाता है।
भारत की तैयारियों पर रहेगी दुनिया की नजर
भारत इस टूर्नामेंट के जरिए बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी की अपनी क्षमता भी दिखाना चाहता है। ऐसे में बंदरों और कबूतरों जैसी छोटी दिखने वाली समस्याओं का पहले से समाधान करना आयोजकों के लिए अहम है।
कुल मिलाकर, बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप में लंगूर की आवाज निकालकर बंदरों को भगाने की व्यवस्था ने टूर्नामेंट की तैयारियों को खासा दिलचस्प बना दिया है। अब देखना होगा कि ये ‘मंकी व्हिस्परर’ प्रतियोगिता के दौरान बंदरों को स्टेडियम से दूर रखने में कितने सफल रहते हैं।