पंजाब में सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज मामले में कार्रवाई

बरनाला के DSP सतवीर सिंह सस्पेंड

0

चंडीगढ़ , 25  जुलाई 2026 । पंजाब के बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज मामले में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए DSP सतवीर सिंह को निलंबित कर दिया है। प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर उठे विवाद के बाद सरकार और पुलिस विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए यह कार्रवाई की। इस कदम के बाद पुलिस प्रशासन में भी हलचल तेज हो गई है।

पुलिस-सफाई कर्मचारियों में हुआ था टकराव

यह विवाद बुधवार को बरनाला में जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा शुरू किए गए सफाई अभियान के दौरान पुलिस और विरोध कर रहे सफाई कर्मचारियों के बीच हुई झड़प से शुरू हुआ। पंजाब के डीजीपी ने पटियाला रेंज से रिपोर्ट मिलने के बाद सस्पेंशन ऑर्डर जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि सतवीर सिंह को पंजाब पुलिस (सजाऔर अपील) नियम, 1970 के नियम 4(1)(a) के तहत सस्पेंड किया गया है। सस्पेंशन की अवधि के दौरान उनका मुख्यालय चौथी कमांडो बटालियन SAS नगर रहेगा।

बताया जा रहा है कि सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, इसी दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की। लाठीचार्ज की घटना के बाद कर्मचारियों और विभिन्न संगठनों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की थी। मामले ने तूल पकड़ने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तलब की।

प्रशासन की ओर से कहा गया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है, लेकिन किसी भी स्थिति में प्रदर्शनकारियों के साथ अनावश्यक बल प्रयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा। जांच के दौरान यदि किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

DSP सतवीर सिंह के निलंबन को सरकार की ओर से जवाबदेही तय करने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है। वहीं, सफाई कर्मचारी संगठनों ने इस कार्रवाई को अपनी मांगों की दिशा में पहला कदम बताया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई है।

इस घटना के बाद पंजाब में पुलिस कार्रवाई और कर्मचारियों के आंदोलनों को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। आने वाले दिनों में जांच रिपोर्ट और प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की नजर बनी रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.