नई दिल्ली, 20 जुलाई 2026 । संसद मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। संवेदनशील इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधात्मक आदेश लागू किए गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायट कंट्रोल व्हीकल (RCV), वॉटर कैनन, बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
डीसीपी सचिन शर्मा के अनुसार, नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 पहले से लागू है। इस आदेश के तहत जंतर-मंतर के निर्धारित प्रदर्शन स्थल को छोड़कर, वह भी पूर्व अनुमति के साथ, पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, जुलूस निकालने, धरना-प्रदर्शन करने या सभा आयोजित करने पर रोक है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि संसद की ओर किसी भी अनधिकृत मार्च की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोमवार से संसद का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। इसे देखते हुए संसद भवन, विजय चौक, साउथ ब्लॉक, नॉर्थ ब्लॉक और आसपास के पूरे हाई-सिक्योरिटी जोन में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
जंतर मंतर से संसद तक है पुख्ता सुरक्षा
- जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन और सोमवार को संसद तक मार्च के ऐलान के बाद दिल्ली पुलिस पूरी तरह हाई अलर्ट पर है।
- रविवार को जंतर मंतर पर पिछले दो सप्ताह के मुकाबले सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ी।
- हालांकि, बाहर से हालात सामान्य दिखे, लेकिन पुलिस ने अंदरखाने बहुस्तरीय सुरक्षा रणनीति लागू कर दी है। दिल्ली के सभी जिला डीसीपी, स्पेशल यूनिट, स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, ट्रैफिक पुलिस और रिजर्व फोर्स को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
- दिल्ली से लगने वाले सभी प्रमुख बॉर्डर पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
- पुलिस ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए वॉटर कैनन, दंगा नियंत्रण वाहन (रायट कंट्रोल व्हीकल), अतिरिक्त रिजर्व फोर्स और क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) को स्टैंडबाय पर रखा है।
दिल्ली पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी में लोगों को प्रदर्शन प्रभावित क्षेत्रों से बचने, वैकल्पिक मार्ग अपनाने और ट्रैफिक संबंधी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। संसद मार्ग, जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई है, जबकि प्रमुख प्रवेश मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। आवश्यकता पड़ने पर यातायात को डायवर्ट किया जा सकता है और कुछ क्षेत्रों में आवाजाही पर अस्थायी प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह एहतियाती है और हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, वहीं शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं।