DMCH में महिला मरीज से कथित अभद्रता का मामला

परिजनों के विरोध के बाद आरोपी स्टाफ पर प्रशासन की कार्रवाई

0

दरभंगा , 17  जुलाई 2026 । बिहार के दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) में एक महिला मरीज के साथ ड्रेसिंग के दौरान कथित अश्लील हरकत का मामला सामने आने के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा हो गया। पीड़िता के परिजनों ने आरोपी स्वास्थ्यकर्मी पर गंभीर आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया।

यूरिन पाइप निकालने के दौरान की बदसलूकी

ये पूरी घटना मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है, जब पीड़ित युवती बर्न वार्ड में इलाज कराने के लिए पहुंची थी। वार्ड में तैनात एक आउटसोर्सिंग स्टाफ ने लड़की के जले हुए हिस्सों पर मरहम-पट्टी कर रहा था। इसी दौरान यूरिन पाइप निकालने के क्रम में स्टाफ ने अश्लीलता की, जिस पर मरीज ने ड्रेसिंग रूम के अंदर ही चिल्लाकर विरोध दर्ज कराया।

  • लड़की ने तुरंत फोन कर अपने परिजनों को बुलाया, जिन्होंने गुरुवार को अस्पताल पहुंचकर आरोपी की खोजबीन करते हुए जमकर बवाल काटा। इसका सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है।
  • अस्पताल में इतने बड़े हंगामे और प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद घटना के दो दिन बीतने तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत या प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है।

परिजनों के विरोध और बढ़ते विवाद के बाद अस्पताल प्रशासन ने आरोपी स्टाफ के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे ड्यूटी से हटा दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

डीएमसीएच में नियमों की अनदेखी आई सामने

इस घटना ने अस्पताल के वार्डों में नियमों की अनदेखी को भी उजागर किया है। सामान्य नियमों के मुताबिक, महिला मरीजों की फोलिस कीट (यूरिन पाइप) लगाने या निकालने का काम केवल महिला अटेंडेंट या महिला स्टाफ को ही करना होता है। अमूमन मरीज लाचारी में पुरुष कर्मियों से भी इलाज करवा लेते हैं और विरोध नहीं करते। लेकिन इस मामले में महिला मरीज के मुखर होने से ड्रेसिंग रूम के भीतर चलने वाली मनमानी और लापरवाही खुलकर सबके सामने आ गई, जो अब पूरे अस्पताल में चर्चा का विषय बनी हुई है।

घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और महिला मरीजों की गोपनीयता तथा सम्मान को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अस्पताल प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मरीजों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी मामले की रिपोर्ट तलब की है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और प्रशासन सभी पहलुओं की पड़ताल कर रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.