पहले चरण के सत्यापन के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 19 लाख मतदाताओं को भेजे जाएंगे नोटिस

0

नई दिल्ली, 14  जुलाई 2026 । उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के पहले चरण के पूरा होने के बाद मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने करीब 19 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की है। इन मतदाताओं के रिकॉर्ड में विसंगतियां, दस्तावेजों की कमी या सत्यापन से जुड़े अन्य मुद्दों की जांच की जाएगी।

चुनाव आयोग के आदेश पर एसआईआर

भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी निर्देशों के कम में प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया को पूरा कराया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के नेतृत्व में प्रदेश्र में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रथम चरण पूरा किया गया है। इसके बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची का आज प्रकाशन कर दिया गया। इस मौके पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने मंगलवार को मीडिया सेंटर में प्रेस कांफ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी।

चुनाव अधिकारियों के अनुसार, ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद नागरिक अपने नाम, पता, आयु और अन्य विवरण की जांच कर सकेंगे। यदि किसी प्रकार की त्रुटि मिलती है, तो निर्धारित अवधि के भीतर दावा और आपत्ति दर्ज कर उसे ठीक कराया जा सकेगा।

जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेज और स्पष्टीकरण प्रस्तुत करना होगा। यदि संतोषजनक जवाब या आवश्यक प्रमाण उपलब्ध नहीं कराए जाते हैं, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि, किसी भी नाम को अंतिम रूप से हटाने से पहले संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा।

चुनाव आयोग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे प्रकाशित ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना विवरण अवश्य जांचें और किसी भी त्रुटि की स्थिति में समय रहते सुधार के लिए आवेदन करें। आयोग का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.