पिथौरागढ़ , 10 जुलाई 2026 । उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के प्रतिभाशाली युवा यश सिंह खाती इन दिनों चर्चा में हैं। एक प्रतिष्ठित अमेरिकी कंपनी में चयन होने के बाद उन्हें राज्यभर से बधाइयां मिल रही हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी देहरादून में यश सिंह खाती को शुभकामनाएं देते हुए उनकी उपलब्धि की सराहना की और इसे राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
कौन हैं यश?
यश सिंह खाती पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट क्षेत्र की ग्राम सभा चौली के रहने वाले हैं। 22 वर्षीय यश ने अमेजन में 48 लाख रुपये पैकेज पर नौकरी शुरू की है। यश के पिता जगत सिंह खाती पूर्व पालिका अध्यक्ष और मिशन इंटर कॉलेज के पूर्व शिक्षक हैं। यश की माता कविता खाती गंगोत्री गर्व्याल राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में शिक्षिका हैं।
यश ने पिथौरागढ़ के प्रतिष्ठित डान बास्को से स्कूली शिक्षा हासिल की। यहां से उन्होंने 12वीं की परीक्षा दी थी। इसमें 97 फीसदी अंक हासिल करने में सफलता दर्ज की। इसके बाद देहरादून से बीटेक की डिग्री हासिल की। बीटेक आखिरी वर्ष की पढ़ाई के दौरान उन्हें अमेजन में इंटर्नशिप का मौका मिला था।
यश सिंह खाती की इस सफलता को उत्तराखंड की युवा प्रतिभा का उदाहरण माना जा रहा है। सीमांत क्षेत्र पिथौरागढ़ से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले यश ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य के युवा आज शिक्षा, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। यश सिंह खाती की उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि यश अपने कार्य से देश और प्रदेश का नाम और ऊंचा करेंगे।
यश सिंह खाती की सफलता से प्रदेश के युवाओं में भी उत्साह का माहौल है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले युवा भी वैश्विक कंपनियों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं।