नई दिल्ली, 01 जुलाई 2026 । 1 जुलाई से देशभर में कई महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका असर आम नागरिकों, कारोबारियों और विभिन्न सेवाओं के उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। सबसे बड़ी राहत कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में मिली है, जहां 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में करीब ₹180 तक की कटौती की गई है। इससे होटल, रेस्तरां, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की परिचालन लागत में कमी आने की उम्मीद है।
1. बदलाव: तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर औसतन ₹180 रुपए तक सस्ता कर दिया है। दिल्ली में इसकी कीमत ₹2930 हो गई है। पहले ये ₹3113.50 में मिल रहा था।
असर: कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम घटने से रेस्टोरेंट मालिकों का खर्च घटेगा। ऐसे में वे चाय, नाश्ते और थाली सस्ते कर सकते हैं। शादियों की कैटरिंग भी सस्ती हो सकती है।
2. पासपोर्ट बनवाना महंगा हुआ
बदलाव: केंद्र सरकार ने पासपोर्ट की फीस में बढ़ोतरी की है, जो 1 जुलाई से लागू हो गई है। इससे पहले 2012 में पासपोर्ट की फीस बढ़ाई गई थी। यानी 14 साल बाद ये बढ़ोतरी हुई है।
असर: अब नया पासपोर्ट बनवाने या पुराने पासपोर्ट को री-इश्यू कराने वाले नागरिकों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा और उन्हें ₹1,000 से लेकर ₹2,000 तक अधिक खर्च करने होंगे।
3 . ट्रेन में बिना टिकट यात्रा पर देना पड़ेगा दोगुना जुर्माना
बदलाव: रेल मंत्रालय ने ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करने पर लगने वाले न्यूनतम जुर्माने को ₹250 से बढ़ाकर ₹500 कर दिया है। अब पकड़े जाने पर यात्री को टिकट के वास्तविक किराए के साथ कम से कम ₹500 का चार्ज देना होगा। इसके अलावा, मामला मजिस्ट्रेट कोर्ट में जाने और दोषी पाए जाने पर अधिकतम 6 महीने की जेल, ₹1,000 का जुर्माना या दोनों सजाएं हो सकती हैं।
4. . डीजल की बिक्री पर लिमिट 1 जुलाई से हटी
बदलाव: अब पेट्रोल पंपों पर एक गाड़ी में एक दिन में सिर्फ 200 लीटर डीजल भरने की सीमा खत्म हो गई है, यानी अब आप अपनी गाड़ी में जितना चाहें उतना डीजल भरवा सकेंगे। इसके साथ ही फैक्ट्रियों और कॉमर्शियल खरीदारों पर लगी रोक भी हटा दी गई है।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने 11 जून को पेट्रोल-डीजल की किल्लत की वजह से ये पाबंदियां लगाई थीं, जिन्हें सप्लाई सुधरने के बाद 29 जून के नए आदेश के जरिए वापस ले लिया गया है। पिछले 18 दिन से बड़े उपभोक्ता सिर्फ बल्क सेल पॉइंट्स से ही ईंधन खरीद रहे थे।
इसके अलावा जुलाई महीने में बैंकिंग, रेलवे, डिजिटल भुगतान, कराधान, सरकारी सेवाओं और अन्य वित्तीय प्रक्रियाओं से जुड़े कई नियमों में भी बदलाव प्रभावी हुए हैं। इन परिवर्तनों का उद्देश्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है। नागरिकों और कारोबारियों को सलाह दी गई है कि वे नए नियमों की जानकारी समय रहते प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
हर महीने की तरह इस बार भी एलपीजी की कीमतों की समीक्षा के बाद नई दरें लागू की गई हैं। हालांकि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में किसी बड़े बदलाव की घोषणा नहीं की गई, लेकिन कॉमर्शियल सिलेंडर सस्ता होने से छोटे और मध्यम व्यवसायों को राहत मिलने की संभावना है।