गुरुग्राम, 24 जून् 2026 । पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े वीडियो विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। मामले में कथित फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट तैयार करने और उसे प्रसारित करने के आरोपों के बीच गुरुग्राम में दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस घटनाक्रम के बाद मामला केवल वीडियो की सत्यता तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि अब जांच एजेंसियां फर्जी दस्तावेजों और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार के पहलुओं की भी जांच कर रही हैं।
पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मामला गुरुग्राम के सेक्टर-29 थाना क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह वही वीडियो है, जिसे लेकर सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था अकाल तख्त ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को तलब किया था। उस समय मुख्यमंत्री की ओर से वीडियो को फर्जी बताया गया था और इसे लेकर सवाल उठाए गए थे। अब आरोप लगाया गया है कि वीडियो को फर्जी साबित करने के लिए गुरुग्राम की एक निजी लैब से कथित रूप से मनमाफिक फोरेंसिक रिपोर्ट तैयार कराई गई। शिकायत में दावा किया गया है कि इस रिपोर्ट के लिए करीब 10 लाख रुपए की डील हुई थी। सूत्रों के मुताबिक, यह कथित लेन-देन सेक्टर-29 थाना क्षेत्र के एक होटल में हुआ था।