नई दिल्ली, 19 जून् 2026 । महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें अधिक संवेदनशील पुलिसिंग उपलब्ध कराने की दिशा में दिल्ली पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राजधानी को अपना पहला ऑल-विमेन पुलिस थाना मिल गया है, जहां पूरी व्यवस्था महिला पुलिसकर्मियों के नेतृत्व में संचालित होगी। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा सुरक्षित और सहज वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां वे बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज करा सकें।
इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करना और उनके खिलाफ अपराधों से बेहतर ढंग से निपटना है। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सब्जी मंडी थाना परिसर में दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा की उपस्थिति में इस पुलिस थाने का उद्घाटन किया।
दिल्ली पुलिस का मानना है कि कई बार महिलाएं घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, पीछा करने, साइबर अपराध, छेड़छाड़ और अन्य संवेदनशील मामलों में शिकायत दर्ज कराने से हिचकिचाती हैं। ऐसे में ऑल-विमेन पुलिस थाना उनकी शिकायतों को अधिक संवेदनशीलता और गोपनीयता के साथ सुनने और उनका समाधान करने में मदद करेगा।
इस थाने में महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम तैनात की गई है, जिन्हें महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों के निपटारे का अनुभव है। यहां पीड़िताओं को कानूनी सहायता, परामर्श और आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें न्याय प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह थाना केवल शिकायत दर्ज करने का केंद्र नहीं होगा, बल्कि महिलाओं के लिए विश्वास और सुरक्षा का एक ऐसा मंच बनेगा, जहां वे अपनी बात खुलकर रख सकेंगी। उम्मीद की जा रही है कि इस पहल से महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों की रिपोर्टिंग बढ़ेगी और पीड़िताओं को समय पर मदद मिल सकेगी।
महिला सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच दिल्ली पुलिस की यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। यदि यह मॉडल सफल रहता है तो भविष्य में राजधानी के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह के विशेष महिला पुलिस थानों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।