देहरादून, 10 जून् 2026 । उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले की रहने वाली पर्वतारोही कविता चंद ने एक बार फिर अपनी उपलब्धि से प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने अमेरिका की सबसे ऊंची पर्वत चोटी डेनाली को सफलतापूर्वक फतह कर नया इतिहास रच दिया है। इस उपलब्धि के बाद कविता चंद की चर्चा राष्ट्रीय स्तर पर हो रही है और उन्हें उत्तराखंड की प्रेरणादायक बेटियों में गिना जा रहा है।
अलास्का स्थित डेनाली पर्वत को बेहद कठिन माना जाता है। यहां मौसम पल-पल बदलता है और तापमान कम होने के साथ ही खुद ही सामान लेकर जाना होता है। तमाम चुनौतियों के बावजूद कविता ने हिम्मत नहीं हारी और शिखर पर पहुंचकर तिरंगा लहराया।
कविता चंद का संबंध उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से है। बचपन से ही साहसिक गतिविधियों और पर्वतारोहण में रुचि रखने वाली कविता ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत की। कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने पर्वतारोहण की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है।
अमेरिका के अलास्का में स्थित डेनाली पर्वत समुद्र तल से लगभग 20,310 फीट (6,190 मीटर) की ऊंचाई पर स्थित है और इसे उत्तरी अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी माना जाता है। अत्यधिक ठंड, तेज हवाएं और कठिन मौसम परिस्थितियों के कारण इस पर्वत पर चढ़ाई दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण पर्वतारोहण अभियानों में गिनी जाती है। ऐसे में कविता चंद की यह सफलता बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पर्वतारोहण के क्षेत्र में कविता चंद पहले भी कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं। उनकी सफलता न केवल युवाओं, बल्कि विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है। उन्होंने यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।