बॉलीवुड को बड़ा झटका: वरिष्ठ फिल्म निर्माता और पूर्व CBFC प्रमुख पहलाज निहलानी का निधन

0

नई दिल्ली, 04 जून्‌ 2026 । हिंदी फिल्म जगत के वरिष्ठ निर्माता और पूर्व सेंसर बोर्ड (CBFC) प्रमुख पहलाज निहलानी का 76 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से फिल्म उद्योग में शोक की लहर दौड़ गई है। वे लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे और मुंबई में उनका इलाज चल रहा था। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उनका निधन 4 जून 2026 को हुआ।

दैनिक भास्कर से बातचीत में ट्रेड एनालिस्ट अतुल मोहन ने बताया है कि कोविड में तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें कुछ दवाइयों से कॉम्प्लिकेशन्स हो गए थे, जिससे उनकी किडनी पर असर पड़ा था। उनका इसी से संबंधित इलाज चल रहा था।

पहलाज निहलानी हिंदी सिनेमा के उन निर्माताओं में गिने जाते थे जिन्होंने 1980 और 1990 के दशक में कई सफल फिल्मों का निर्माण किया। उन्होंने इल्जाम, आंखें, शोला और शबनम, पाप की दुनिया और आग ही आग जैसी फिल्मों का निर्माण किया, जिन्हें दर्शकों का भरपूर प्यार मिला।

निहलानी ने शाहिद कपूर स्टार ‘उड़ता पंजाब’ में कथित तौर पर 69 कट लगाने के लिए कहा था, जो काफी चर्चा में रहा था। बाद में बॉम्बे हाईकोर्ट ने CBFC के फैसले को गलत बताया और फिल्म सिर्फ एक कट के साथ रिलीज हुई थी। 2017 में सरकार ने उन्हें हटाकर गीतकार प्रसून जोशी को CBFC का नया चेयरमैन बनाया था।

उनके निधन के बाद फिल्म जगत की कई हस्तियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। मुंबई में उनके अंतिम संस्कार में फिल्म उद्योग से जुड़े अनेक कलाकार और निर्माता शामिल हुए।
Leave A Reply

Your email address will not be published.