रुड़की के होटल में ठहरे युवक-युवती की संदिग्ध मौत, अगले दिन कमरे से मिले दोनों के शव

0

हरिद्वार, 30 मई 2026 । उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की शहर में एक होटल से युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों ने एक दिन पहले होटल में कमरा बुक कराया था, लेकिन अगले दिन जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो होटल कर्मचारियों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया, जहां दोनों के शव पड़े मिले।

रुड़की के डबल फाटक स्थित होटल में युवक और युवती ने गुरुवार को कमरा बुक कराया था। शुक्रवार सुबह जब होटल के सफाई कर्मचारी पहुंचा तो दरवाजा नहीं खुला। दरवाजा खटखटाने और घंटी बजाने के बाद भी कोई जवाब नहीं आया। इस पर सफाई कर्मचारी ये समझकर वहां से चला गया कि शायद दोनों सो रहे हैं, लेकिन दोपहर 12 बजे जब चेक आउट करने का समय आया और दोनों नहीं निकले तो शक हुआ। इस पर होटल प्रबंधन की ओर से पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने होटल परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, जिसके चलते मामले को संदिग्ध मानकर जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार होटल के रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और दोनों के मोबाइल फोन की जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों होटल में कब पहुंचे, उनके बीच क्या संबंध थे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

होटल कर्मचारियों ने बताया कि युवक और युवती सामान्य रूप से होटल में आए थे और उन्होंने एक कमरा लिया था। किसी तरह के विवाद या असामान्य गतिविधि की जानकारी सामने नहीं आई थी। हालांकि अगले दिन कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर मामला संदिग्ध लगने लगा।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। जांच एजेंसियां आत्महत्या, दुर्घटना और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही हैं।

फिलहाल दोनों की मौत रहस्य बनी हुई है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। इस घटना ने स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है, जबकि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.