जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न, नए केन्द्र संचालन एवं व्याख्याताओं के चयन के निर्देश
गौतमबुद्धनगर 25 मई, 2026.
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजनान्तर्गत शैक्षिक सत्र 2026-27 में यूपीएससी, नीट, जेईई, यूपीपीसीएस की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं हेतु निःशुल्क कक्षाओं के संचालन हेतु समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित योजना की प्रगति, नवीन केन्द्रों की स्थापना, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा शैक्षिक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा जनपद में योजना की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की गई। उन्होंने बताया कि शैक्षिक सत्र 2025-26 हेतु जनपद में तीन केन्द्र संचालित किये जाने प्रस्तावित हैं, जिनमें डॉ.भीमराव अम्बेडकर पुस्तकालय सेक्टर-37 नोएडा, पंचशील बालक इण्टर कॉलेज सेक्टर-93 नोएडा तथा गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय ग्रेटर नोएडा शामिल हैं।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा मिहिर भोज बालक इण्टर कॉलेज, दादरी में एक नवीन अभ्युदय केन्द्र विकसित किये जाने पर सहमति प्रदान की गई। साथ ही निर्देशित किया गया कि आगामी 15 जुलाई से सभी केन्द्रों पर नियमित कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित किया जाये। केन्द्रों के संचालन हेतु आवश्यक समस्त सामग्री की खरीद जैम पोर्टल के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर किये जाने की भी स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा सभी केन्द्रों में संचालित होने वाली ऑनलाइन कक्षाओं की बेहतर मॉनिटरिंग एवं रिकॉर्डिंग हेतु आवश्यक उपकरण एवं सामग्री क्रय किये जाने की सहमति भी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों की सुविधा के दृष्टिगत आवश्यक पुस्तकों एवं स्टेशनरी सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित किये जाने हेतु भी निर्देश दिये गये।

जिलाधिकारी ने बैठक में निर्देशित किया कि शासनादेश में उल्लिखित प्रावधानों के अनुसार मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से व्याख्याताओं का चयन किया जाये। साथ ही पूर्व में चयनित व्याख्याताओं का भी पुनः साक्षात्कार आयोजित कर गुणवत्ता एवं दक्षता के आधार पर चयन सुनिश्चित किये जाने के निर्देश प्रदान किये गये।
इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया, कोर्स को-ऑर्डिनेटर मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना दीपांशु सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
सौजन्य से सूचना विभाग गौतमबुद्धनगर।