नई दिल्ली, 26 मई 2026 । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के एक बेहद सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर इलाके में देश की रक्षा अनुसंधान एजेंसी से जुड़े हाई-सिक्योरिटी आवासीय परिसर में बड़ी सेंधमारी का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन यानी (DRDO) के आवासीय कॉम्प्लेक्स में रहने वाली एक महिला वैज्ञानिक के फ्लैट को निशाना बनाते हुए चोर लाखों रुपये के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना तिमारपुर इलाके में स्थित उच्च सुरक्षा वाले परिसर के अंदर हुई। उनके अनुसार वैज्ञानिक अपने परिवार से मिलने के लिए 15 मई को चंडीगढ़ गई थीं। जब वह 23 मई को वापस लौटीं तो उन्होंने घर का सारा सामान बिखरा हुआ पाया और कीमती सामान गायब था।
बताया जा रहा है कि महिला वैज्ञानिक कुछ समय के लिए अपने फ्लैट से बाहर गई हुई थीं। वापस लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी के लॉकर टूटे हुए पाए गए। शुरुआती जांच में लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी होने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस परिसर में चोरी हुई, वहां बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, CCTV निगरानी और प्रवेश के लिए कड़े नियम लागू हैं। इसके बावजूद चोरों का फ्लैट तक पहुंचना और वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाना सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। पुलिस अब परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।
महिला वैज्ञानिक की शिकायत के अनुसार चोरी की गई वस्तुओं में 15,000 रुपये नकद, विदेशी मुद्रा, झुमके, एक नेकलेस सेट, चूड़ियां, चेन और अंगूठियां समेत अन्य आभूषण और तीन घड़ियां भी थीं। अधिकारियों ने बताया कि चोरी हुए सामान के सटीक मूल्य का आकलन किया जा रहा है हालांकि इसके कई लाख रुपये के होने का अनुमान है।