पुलवामा ग्रेनेड अटैक में शामिल आतंकी हमजा बुरहान की हत्या, पीओके में अज्ञात हमलावरों ने बरसाईं गोलियां

0

इस्लामाबाद, 21 मई 2026 । पुलवामा आतंकी हमले से जुड़े बताए जा रहे आतंकी हमजा बुरहान की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में हत्या कर दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमजा बुरहान को मुजफ्फराबाद इलाके में अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाया, जहां गोलीबारी में उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से आतंकी गतिविधियों में सक्रिय था और कई आतंकी संगठनों से जुड़ा हुआ था।

पुलवामा में 2020 में हुए ग्रेनेड हमले में शामिल आतंकी हमजा बुरहान की पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मुजफ्फराबाद के AIMS कॉलेज के बाहर अज्ञात हमलावरों ने उस पर कई गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

भारत ने 2022 में हमजा बुरहान को UAPA के तहत आतंकी घोषित किया था। वह अबू दुजाना, अबू कासिम, बुरहान वानी और जाकिर मूसा का करीबी था।

सरकार के मुताबिक, अर्जुमंद गुलजार डार उर्फ हमजा बुरहान उर्फ डॉक्टर पुलवामा के रत्नीपोरा इलाके का रहने वाला था। 23 साल का हमजा, आतंकी संगठन अल बद्र से जुड़ा हुआ था। अल बद्र को सरकार ने आतंकवादी संगठन घोषित किया हुआ है।

वह कानूनी तरीके से पाकिस्तान गया था। वहां जाकर वह अल बद्र में शामिल हो गया और बाद में संगठन का सक्रिय आतंकी और कमांडर बन गया। अभी वह पाकिस्तान से ही काम कर रहा था। उस पर आरोप है कि वह युवाओं को अल बद्र में शामिल होने के लिए उकसाता था और फंडिंग भी करता था।

जांच एजेंसियों के अनुसार 2020 में CRPF जवानों पर ग्रेनेड हमले और युवाओं को आतंकी संगठन में भर्ती कराने जैसी गतिविधियों में भी शामिल रहा।

गौरतलब है कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ काफिले पर हुए आत्मघाती हमले में 40 जवान शहीद हुए थे। इस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया था।

सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि हमजा बुरहान की मौत आतंकी नेटवर्क के लिए बड़ा झटका मानी जा सकती है। वहीं इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.