प्रधानमंत्री मोदी ने इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी को भारत आने का दिया न्योता, द्विपक्षीय संबंधों पर जोर
रोम, 19 मई 2026 । पीएम मोदी ने आज इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी के साथ जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं पीएम मेलोनी का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मेरा और मेरे प्रतिनिधिमंडल को स्वागत किया। उन्होंने जॉर्जिया मेलोनी को भारत आने का न्योता दिया।
मोदी ने कहा कि रोम को दुनिया में ‘इटरनल सिटी’ कहा जाता है। भारत में मेरी लोकसभा सीट काशी को भी इसी तरह जाना जाता है। जब दो सभ्यताएं मिलती हैं, तो बातचीत सिर्फ एजेंडे तक सीमित नहीं रहती। उसमें इतिहास की गहराई, भविष्य की झलक और दोस्ती की सादगी दिखाई देती है।”
वहीं मेलोनी ने कहा कि इटली और भारत पहले से कहीं ज्यादा करीब हैं। हमारे रिश्ते अब अपनी पूरी क्षमता दिखाने की स्थिति में पहुंच चुके हैं। पिछले साढ़े तीन सालों में मेरी पीएम मोदी के साथ 7 मुलाकातें हुई हैं।
उन्होंने कहा कि इन बैठकों के दौरान हमने एक-दूसरे के नजरिए को गहराई से समझा है। हमने सम्मान और आपसी भरोसे से एक ईमानदार दोस्ती बनाई है।
राजनयिक विशेषज्ञों का कहना है कि भारत और इटली के बीच बढ़ते रिश्ते यूरोप और एशिया के बीच रणनीतिक सहयोग को नई मजबूती दे सकते हैं। रक्षा उत्पादन, हरित ऊर्जा, विनिर्माण और टेक्नोलॉजी सेक्टर में दोनों देशों के बीच सहयोग की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
हाल के वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी और जॉर्जिया मेलोनी की मुलाकातें अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी चर्चा का विषय रही हैं। ऐसे में भारत दौरे का निमंत्रण दोनों देशों के राजनीतिक और आर्थिक संबंधों को और गति देने वाला कदम माना जा रहा है।