रक्सौल एयरपोर्ट को मिली रफ्तार: टेंडर जारी, CM सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी का जताया आभार
बिहार , 06 मई 2026 । बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रक्सौल हवाई अड्डे परियोजना के लिए टेंडर जारी होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र रक्सौल में प्रस्तावित एयरपोर्ट परियोजना को बड़ी गति मिली है। रक्सौल एयरपोर्ट के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट के जल्द धरातल पर उतरने की उम्मीद बढ़ गई है। इस पहल को क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
उन्होंने आगे लिखा कि राज्य के सीमावर्ती क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रक्सौल हवाई अड्डे के रनवे, एप्रन और टैक्सीवे सहित एयरसाइड इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण हेतु इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी सेवाओं का टेंडर जारी किया गया। ये परियोजना चंपारण क्षेत्र में हवाई यात्रा के आवागमन को सुगम बनाएगी, साथ ही व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा देगी। डबल इंजन सरकार के संकल्प के साथ, बिहार अब विकास की नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार है।
प्रस्तावित रक्सौल हवाई अड्डे नेपाल सीमा के नजदीक स्थित होगा, जिससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार और आवागमन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। यह एयरपोर्ट न सिर्फ बिहार बल्कि पड़ोसी राज्यों और नेपाल के लिए भी महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी हब बन सकता है।
सरकार का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। खासकर रक्सौल और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर विकल्प मिलेंगे।
एयरपोर्ट निर्माण के साथ-साथ सड़क और अन्य बुनियादी ढांचे को भी मजबूत करने की योजना है, ताकि बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा सके। यह परियोजना केंद्र की “उड़ान योजना” और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।