नगर निकाय चुनाव में ‘कमल’ का दावा: ट्रिपल इंजन सरकार तीन गुना शक्ति से करेगी काम — सीएम सैनी

0

हरियाणा , 04 मई 2026 । हरियाणा में निकाय चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नगर निकाय चुनावों से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। नायब सिंह सैनी ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि इस बार हर जगह ‘कमल’ खिलेगा और भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड जीत मिलेगी।

सीएम सैनी ने कहा कि मेयर उम्मीदवार ने करीब 19 कार्यक्रम रखे हैं और अब वार्ड के पार्षदों और मेयर को जीत दिलाने का काम जनता अपने आशीर्वाद से करेगी। उन्होंने दावा किया कि आज की रिपोर्टों में एक तरफा जीत के संकेत मिल रहे हैं। सैनी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि डेढ़ वर्ष पहले हुए विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए 217 संकल्पों में से 63 को पूरा किया जा चुका है, जबकि 163 संकल्पों पर युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार संकल्पों को पूरा करने का काम कर रही है, जबकि ट्रिपल इंजन की सरकार ने 21 नए संकल्प लिए हैं और सभी को पूरा करने का वायदा किया है।

 राज्य, केंद्र और स्थानीय निकायों में एक ही पार्टी की सरकार होने से “ट्रिपल इंजन” की ताकत मिलती है, जिससे विकास कार्यों में तेजी आती है। उनके अनुसार, यदि नगर निकायों में भी बीजेपी की सरकार बनती है तो विकास योजनाओं को तीन गुना गति और शक्ति के साथ लागू किया जाएगा।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले वर्षों में कई क्षेत्रों में विकास कार्य बाधित रहे, लेकिन अब जनता स्थिर और तेज रफ्तार विकास चाहती है। सैनी ने दावा किया कि जनता बीजेपी की नीतियों और कामकाज से संतुष्ट है, जिसका असर चुनाव परिणामों में साफ दिखाई देगा।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी जमीनी स्तर पर मजबूत है और नगर निकाय चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि “ट्रिपल इंजन सरकार” का नारा विकास और स्थिरता के संदेश को आगे बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है, जिसके जरिए मतदाताओं को एकजुट करने की कोशिश की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.