निगरानी का बड़ा एक्शन: घूस लेते रंगेहाथ दबोचा गया अधिकारी, 10 हजार की रिश्वत मांग रहा था
रोहतास , 25 अप्रैल 2026 । बिहार के रोहतास जिले में राजपुर प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घूसखोर अधिकारी को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी धान अधिप्राप्ति (paddy procurement) से जुड़ी रिपोर्ट तैयार करने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि रोहतास जिले के राजपुर थाना क्षेत्र निवासी और परिवादी प्रशांत कुमार ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी जर्नादन कुमार के द्वारा धान अधिप्राप्ति में पैक्स का भौतिक सत्यापनोपरान्त प्रतिवेदन भेजने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारी के पास से रिश्वत की रकम बरामद की गई। गिरफ्तारी के बाद उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
निगरानी टीम का कहना है कि इस तरह की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो तुरंत इसकी सूचना संबंधित एजेंसी को दें।
यह कार्रवाई राज्य में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।