Yamunanagar Crime: घर लौट रहे पेंटर पर जानलेवा हमला, धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार से दहशत

0

यमुनानगर , 23 अप्रैल 2026 । यमुनानगर में एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। काम खत्म कर घर लौट रहे एक पेंटर पर बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया और धारदार हथियार से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, घायल शख्स की पहचान शहर के विश्वकर्मा मोहल्ला निवासी 55 वर्षीय कुलदीप कुमार के रुप में हुई। बताया जा रहा है कि  कुलदीप कुमार देर रात को काम से घर लौट रहे थे। हमलावरों ने धारदार हथियार से  उनके सिर, कमर और छाती पर कई ताबड़तोड़ वार किए, जिससे खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में घायल को तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। हालांकि घटना के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश या व्यक्तिगत विवाद को हमले की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने लोगों को आश्वासन दिया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.