कैथल फायरिंग केस का खुलासा—स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार
कैथल , 17 अप्रैल 2026 । कैथल में मोबाइल दुकान पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि 4 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे चानना रोड स्थित “गिल मोबाइल” शाप पर दो अज्ञात युवकों ने मोटरसाइकिल पर आकर फायरिंग कर दी थी। हमलावर मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। जिस बारे थाना चीका में मामला दर्ज कर लिया गया। मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एएसआई तरसेम की टीम द्वारा करते हुए आरोपी गांव भागल निवासी रवि कुमार ( उम्र 28 साल, पढाई 10वीं) व गांव भराणी खालसा निवासी भरत कुमार (उम्र करीब 19 साल, पढाई 12वीं) को काबू कर लिया गया।
यह घटना उस समय हुई थी जब बदमाशों ने दुकान को निशाना बनाकर फायरिंग की थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में घटना से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है। साथ ही, उनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा बढ़ा है और पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।