चंडीगढ़ में हाई अलर्ट – पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

0

चंडीगढ़ ,  13 अप्रैल 2026 । चंडीगढ़ में स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। इस गंभीर सूचना के बाद इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को तुरंत सख्त कर दिया गया है।

धमकी मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ​​तुरंत पूरी तरह एक्टिव हो गई हैं। शहर के मुख्य इलाकों, भीड़भाड़ वाली जगहों और सरकारी ऑफिसों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के लिए जगह-जगह बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड टीमों को तैनात किया गया है। जानकारी के मुताबिक, ये ईमेल आधी रात 2 बजे के करीब भेजी गई है। आपको बता दें कि, इससे पहले भी चंडीगढ़ के स्कूलों को बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। वहीं पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट  और चंडीगढ़ जिला कोर्ट को 3 बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है।

सूत्रों के मुताबिक, धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की गहन जांच की। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से हर कोने की तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।

एहतियात के तौर पर पासपोर्ट ऑफिस में आने-जाने वाले लोगों की जांच बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। कुछ समय के लिए कार्यालय की सेवाओं को भी प्रभावित किया गया, ताकि जांच प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सके।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं।

यह घटना एक बार फिर यह दिखाती है कि संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को हमेशा सतर्क और मजबूत बनाए रखना कितना जरूरी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.