बांग्लादेश में सियासी हलचल: मुहम्मद यूनुस के खिलाफ जांच आयोग की तैयारी, रहमान सरकार सख्त रुख में

0

ढाका, 16 फ़रवरी 2026 । बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर उथल-पुथल तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, रहमान सरकार नोबेल शांति पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री मुहम्मद यूनुस के खिलाफ एक औपचारिक जांच आयोग गठित करने पर विचार कर रही है। यह कदम वित्तीय पारदर्शिता, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और कुछ संस्थागत निर्णयों से जुड़े आरोपों के संदर्भ में उठाया जा सकता है।

बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के तख्तापलट के बाद गठित मोहम्मद यूनुस सरकार के मंत्रियों की संपत्ति में उछाल आया है। सरकार के मुखिया यूनुस की संपत्ति में एक साल में लगभग 11 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

यूनुस की संपत्ति अब कुल साढ़े 12 करोड़ रुपए हो गई है, इसमें लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपए का उछाल आया है। अंतरिम सरकार के टॉप 4 मंत्रियों में सबसे ज्यादा संपत्ति की वृद्धि यूनुस की हुई है।

दूसरे नंबर पर आवास मंत्री अदिलुर रहमान की संपत्ति में 1 करोड़ 23 लाख रुपए की वृद्धि हुई। यूनुस के 21 में से 18 मंत्रियों की संपत्ति बढ़ी है। सूत्रों के अनुसार नए पीएम रहमान अंतरिम सरकार के मंत्रियों की संपत्ति में इजाफे की जांच के लिए कमेटी गठित कर सकते हैं।

इस सब के बीच यूनुस अब फिर से पेरिस में बसने की तैयारी में हैं। बता दें कि यूनुस बांग्लादेश के एकमात्र नोबेल अवॉर्ड विजेता हैं। बांग्लादेश में माइ्क्रो फाइनेंस के क्षेत्र में बड़ा नाम यूनुस का शेख हसीना सरकार के दौरान भ्रष्टाचार के मामले दर्ज हुए थे। लेकिन यूनुस ने अपनी सरकार बनने पर केस वापस कर लिए थे।

सरकारी हलकों का कहना है कि कुछ संगठनों की फंडिंग, नियामकीय अनुपालन और कर संबंधी मुद्दों को लेकर सवाल उठे हैं। विपक्ष का दावा है कि यह कार्रवाई राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से प्रेरित हो सकती है, जबकि सरकार इसे “कानूनी और प्रक्रियात्मक समीक्षा” बता रही है।

IT मंत्री फैज नीदरलैंड्स लौटे

तारिक रहमान की जीत के साथ ही यूनुस सरकार में आईटी मंत्री रहे फैज अहमद तैयब नीदरलैंड्स लौट गए हैं। फैज के कार्यकाल के दौरान IT सेक्टर में उनके द्वारा विदेशी कंपनियों के पक्ष में दिए गए कुछ फैसलों को लेकर आपत्तियां भी आई थीं।

उन पर अनावश्यक हाई-कैपेसिटी इक्विपमेंट खरीद के लिए कुछ कंपनियों को टेंडर जारी करने के भी आरोप हैं। यूनुस सरकार में पर्यावरण मंत्री सैयदा रिजवाना का कहना है कि फैज अपने परिवार के साथ नीदरलैंड्स में ही रहते हैं, वे यूनुस सरकार में शामिल होने के लिए बांग्लादेश लौटे थे।

बांग्लादेश में यूनुस के खिलाफ संभावित जांच आयोग का गठन राजनीतिक परिदृश्य में बड़ा मोड़ साबित हो सकता है। आने वाले दिनों में सरकार के आधिकारिक फैसले और आयोग की रूपरेखा से स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.