कर्नाटक में हिरासत के दौरान BJP महिला कार्यकर्ता से मारपीट का आरोप, राजनीति गरमाई
बेंगलुरु, 07 जनवरी 2026 । कर्नाटक में एक बार फिर कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। राज्य में हिरासत के दौरान भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता के साथ मारपीट के आरोप सामने आए हैं। इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और विपक्ष ने राज्य सरकार व पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
कर्नाटक के हुब्बली शहर में मंगलवार को पुलिस हिरासत के दौरान एक भाजपा महिला कार्यकर्ता से मारपीट का मामला सामने आया। महिला ने कपड़े फाड़े जाने का भी आरोप लगाया है। बीजेपी कार्यकर्ता को कांग्रेस पार्षद की शिकायत पर हिरासत में लिया गया था। घटना का एक वीडियो सामने आया है। पुलिस ने अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
घटना से जुड़ा वीडियो सामने आया है, जिसमें महिला कार्यकर्ता को बस के अंदर पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों से घिरा देखा जा सकता है। आरोप है कि हिरासत के दौरान महिला ने पुलिस कार्रवाई पर आपत्ति जताई और विरोध किया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसके कपड़े भी फट गए।