सेंसेक्स 1258 अंक गिरकर 77,964 पर बंद

0

नई दिल्ली,6 जनवरी। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन 6 जनवरी को सेंसेक्स 1258 अंक की गिरावट के साथ 77,964 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 388 अंक की गिरावट रही, ये 23,616 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, BSE स्मॉलकैप 1778 अंक गिरकर 54,337 के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 27 में गिरावट और 3 में तेजी रही। निफ्टी के 50 शेयरों में से 43 में गिरावट और 7 में तेजी रही। जबकि एक शेयर बिना किसी बदलाव के बंद हुआ।

NSE सेक्टोरल इंडेक्स में सभी सेक्टर गिरावट के साथ बंद हुए। PSU बैंक सबसे ज्यादा 4.00% की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसके साथ ही रियल्टी में 3.16%, मेटल में 3.14%,मीडिया में 2.71% और ऑटो सेक्टर 2.18% की गिरावट रही।

बाजार में गिरावट के तीन कारण

  • चीन में फैले कोरोना जैसे वायरस का भारत में दूसरा केस मिला है। सोमवार को 3 महीने की बच्ची में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) नाम का संक्रमण मिला। HMPV वायरस खांसने और छींकने से फैलता है। इस वायरस के देश में फैलने की आशंका का असर बाजार पर दिख रहा है।
  • फॉरेन पोर्टफोलियो इन्वेस्टर्स लगातार बिकवाली कर रहे हैं। एनएसडीएल के आंकड़ों से पता चलता है कि जनवरी में अब तक 4,285 करोड़ रुपए की बिकवाली हुई है। केवल 3 जनवरी को विदेशी निवेशकों ने ₹4,227.25 करोड़ के शेयर बेचे। इस दौरान घरेलू निवेशकों (DIIs) ने भी ₹820.60 करोड़ के शेयर खरीदे।
  • रिजल्ट सीजन निवेशकों को चिंतित कर रहा है। तीसरी तिमाही के अपडेट के बाद एचडीएफसी बैंक लिमिटेड के शेयर 2% गिरकर 1,714 रुपए पर आ गए हैं। इस हफ्ते लगभग 36 कंपनियां अपने तीसरी तिमाही के नतीजे जारी करेंगी। इनमें टीसीएस, डीमार्ट, मोबिक्विक और आईआरईडीए जैसी कंपनियां शामिल हैं।

एशियाई बाजारों में मिलाजुला कारोबार रहा

  • एशियाई बाजार में जापान के निक्‍केई में 1.47% की गिरावट और कोरिया के कोस्पी में 1.91% की तेजी रही। चीन का शंघाई कम्पोजिट में 0.14% की गिरावट रही।
  • 3 जनवरी को अमेरिका का डाओ जोंस 0.80% तेजी के साथ 42,732 पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स 1.26% चढ़ा। नैस्डैक 1.77% चढ़कर 19,621 पर बंद हुआ।
  • क्वाड्रेंट फ्यूचर टेक और कैपिटल इन्फ्रा ट्रस्ट इनविट का आईपीओ 7 जनवरी को खुलेगा। निवेशक 9 जनवरी तक बिडिंग कर सकेंगे। 14 जनवरी को शेयर लिस्ट होंगे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.