CM च्रंदबाबू बोले- अडाणी रिश्वत मामले से आंध्र बदनाम हुआ

0

नई दिल्ली,23 नवम्बर। भाजपा की सहयोगी पार्टी तेलगु देशम पार्टी के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अडाणी रिश्वत मामले को लेकर प्रतिक्रिया दी है। नायडू ने आंध्र प्रदेश की विधानसभा में कहा है कि अडाणी रिश्वत मामले से आंध्र प्रदेश बदनाम हुआ है।

उन्होंने कहा कि अडाणी रिश्वत मामले की चार्जशीट हमारे पास पहुंची है। हम जल्द एक्शन लेंगे। सभी दस्तावेज की जांच की जा रही है। सरकार को लोगों के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। ऐसे अपराध तब तक दोहराए जाएंगे, जब तक ऐसे काम करने वालों को न्याय के कटघरे में नहीं लाया जाता।

दरअसल, उद्योगपति गौतम अडाणी पर गुरुवार को अमेरिका में सोलर एनर्जी से जुड़ा कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने के लिए रिश्वत देने और धोखाधड़ी करने के आरोप लगे हैं। न्यूयॉर्क की फेडरल कोर्ट में यह केस दर्ज हुआ था।

आरोप है कि अडाणी 2021 में आंध्र के तत्कालीन CM जगनमोहन रेड्‌डी से मिले और राज्य सरकार 7 हजार मेगावाट बिजली खरीदने के लिए राजी हो गई। इसके लिए आंध्र के अफसरों को 1750 करोड़ रुपए घूस दी गई।

भाजपा विधायक बोले- जगन के खिलाफ जांच शुरू हो आंध्र प्रदेश के भाजपा विधायक पी विष्णु कुमार राजू ने भी मांग की है कि राज्य सरकार जगन के खिलाफ रिश्वतखोरी के आरोपों की जांच शुरू करे। उन्होंने कहा कि आरोप बहुत गंभीर हैं और आरोपियों को नहीं बख्शा जाना चाहिए।

इसके अलावा पूर्व मंत्री सोमिरेड्डी चंद्र मोहन रेड्डी ने भी कहा कि CBI और ED के बाद अब जगन के भ्रष्टाचार की जांच अमेरिकी एजेंसी FBI कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग राजनीति में रहने के लायक नहीं हैं। उन्होंने पूरे राज्य को शर्मसार किया है।

उधर, जगन की पार्टी YSR कांग्रेस ने कहा कि हमने सीधे सेकी (केंद्र की कंपनी) से करार किया था, जो पारदर्शी और कानूनी रूप से स्वीकृत था। इसमें अडाणी या कोई निजी कंपनी शामिल नहीं थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.