महाराष्ट्र के भिवंडी में पथराव से गणेश मूर्ति खंडित

0

नई दिल्ली,18 सितम्बर।  महाराष्ट्र के भिवंडी इलाके में मंगलवार देर रात गणेश विसर्जन जुलूस पर कुछ लोगों ने पथराव किया। इसमें मूर्ति खंडित हो गई।

ठाणे के एडिशनल कमिश्नर ज्ञानेश्वर चव्हाण ने बताया- मंगलवार रात करीब 12 बजे एक धर्मस्थल के पास कुछ लोगों ने पथराव कर दिया, इससे विसर्जन के लिए जा रही मूर्ति खंडित हो गई।

पथराव वंजरपट्टी नाका पर उस समय हुआ, जब घुघट नगर से मूर्ति को विर्सजन के लिए कामवारी नदी ले जाया जा रहा था। पत्थरबाजी की खबर लगते ही लोग घटनास्थल पर पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। दोनों पक्षों के लोग वंजरपट्टी नाका पर जमा हो गए।

एक गुट ने कहा कि जब तक पत्थरबाजों को गिरफ्तार नहीं किया जाता तब तक विसर्जन नहीं होगा। दोनों गुटों में हाथापाई होने लगी, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज में कुछ लोगों को चोटें आई हैं। कुछ पुलिसवाले भी घायल हुए।

पुलिस सूत्रों ने कहा- एक युवक को भीड़ ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसी युवक पर मूर्ति खंडित करने का आरोप है।

टकराव को टालने में जुटा पुलिस-प्रशासन लाठीचार्ज के बाद भाजपा विधायक महेश चौघुले समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को शांत करने की कोशिश की। इसी दौरान दूसरे धर्मस्थल पर भी बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

DCP श्रीकांत परोपकारी ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पत्रकारों और मोहल्ला कमेटी के लोगों को बुलाया गया है, ताकि किसी तरह का टकराव ना हो। भारी तादाद में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन अलर्ट पर है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। फिलहाल भिवंडी में शांति है। शहर में पुलिस जवानों की तैनाती बढ़ाई गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.