अमेरिका , 15 जुलाई। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर हुए जानलेवा हमले के बाद मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडेन ने आज दूसरी बार जनता को संबोधित किया। भारतीय समयानुसार आज सुबह 6 बजे हुए संबोधन में उन्होंने हमले की निंदा की।
बाइडेन ने अमेरिकी समाज में हिंसा पर कहा, ”हम इस रास्ते पर नहीं जा सकते हैं। हम अपने इतिहास में बहुत हिंसा झेल चुके हैं। अमेरिका की सुलगती राजनीति के दौर में शांत रहने का वक्त है।”
उन्होंने हमले के दौरान मारे गए एक आम नागरिक के परिजन के प्रति संवेदना जताई और उसे हीरो बताया।
ट्रम्प पर अमेरिकी समयानुसार शनिवार और भारतीय समायुनासर रविवार सुबह जानलेवा हमला हुआ। पेंसिल्वेनिया के बटलर शहर में एक चुनावी रैली में हुई गोलीबारी में वे बाल-बाल बच गए। एसॉल्ट राइफल से चली गोली उनके कान को छूती हुई गुजर गई।
ट्रम्प की सुरक्षा में तैनात सीक्रेट सर्विस के स्नाइपर्स ने 20 साल के हमलावर को तुरंत ढेर कर दिया। उसकी पहचान थॉमस मैथ्यू क्रूक्स के तौर पर हुई है। फायरिंग में एक आम नागरिक की भी मौत हुई है।
बाइडेन का पहला संबोधन हमले के 18 घंटे बाद हुआ
डोनाल्ड ट्रम्प पर हुए हमले के लगभग 18 घंटे बाद बाइडेन ने पहली बार देश को संबोधित किया। संबोधन भारतीय समयानुसार 15 जुलाई को देर रात हुआ। राष्ट्रपति ने कहा, “मैंने ट्रम्प से बात की है। अमेरिका में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।”