हरियाणा में पंचायतों के 100 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के बाद सरकार अलर्ट

0

चंडीगढ़, 28  नवंबर 2026 | विकास एवं पंचायत विभाग में 100 करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला सामने आने के बाद प्रदेश सरकार विभागों के बैंक खातों की साइबर सिक्योरिटी को लेकर सतर्क हो गई है। सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रानिक्स एवं संचार विभाग, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को योजनाओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनके तहत वित्तीय भुगतान किए जाते हैं और जिन पर साइबर खतरा है।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने शुक्रवार को अधिकारियों संग समीक्षा बैठक में साइबर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक आकलन करने के निर्देश दिए। डिजिटल वित्तीय लेन-देन में संभावित कमजोरियों की पहचान कर साइबर धोखाधड़ी तथा अनधिकृत लेन-देन की संभावनाओं को खत्म किया जाएगा।

डिजिटल भुगतान ढांचे और क्लाउड व्यवस्था की साइबर सुरक्षा के तहत विभिन्न योजनाओं के लिए चार से पांच सदस्यों वाली बहुविषयक समितियां गठित की जाएंगी। इन समितियों में तकनीकी विशेषज्ञों, एनआईसी प्रतिनिधियों, वित्त अधिकारियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। यह समितियां संबंधित योजनाओं की कार्यप्रणाली की जांच करेंगी और डिजिटल लेन-देन में सुरक्षा संबंधी कमियों की पहचान करेंगी।

मुख्य सचिव ने कहा कि डिजिटल भुगतान प्लेटफार्म, प्रौद्योगिकी सेवा प्रदाताओं, साफ्टवेयर एप्लीकेशन और उनके सुरक्षा आडिट रिकार्ड की भी समीक्षा की जानी चाहिए। समितियां जांच करेंगी कि सुरक्षा आडिट कब और किस प्रकार किए गए हैं। मौजूदा सुरक्षा उपाय संभावित साइबर खतरों से निपटने के लिए पर्याप्त हैं या नहीं। सरकारी धनराशि के अनधिकृत हस्तांतरण की आशंका को कम करने के लिए सरकारी योजनाओं के तहत भुगतान हरियाणा के भीतर स्थित बैंक खातों में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में वित्तीय लेन-देन का प्रतिदिन मिलान करने की व्यवस्था लागू करने पर भी चर्चा की गई, ताकि किसी भी प्रकार की विसंगति का समय रहते पता लगाया जा सके और वित्तीय निगरानी को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। कर्मचारियों के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता पुस्तिका तैयार की जाएगी।

523 बैंक खातों के जरिए निकाली गई रकम

जांच के मुताबिक, पंचायत विभाग ने ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषदों के लिए पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में अलग-अलग जीरो बैलेंस खाते खुलवाए थे। हालांकि, योजनाओं की वास्तविक रकम केंद्रीय नोडल खाते में रखी जाती थी। सरकारी मंजूरी के बाद संबंधित पंचायत संस्था को खर्च करने की एक निश्चित सीमा दी जाती थी।

डिजिटल भुगतान की प्रक्रिया में ग्राम पंचायतों के लिए सरपंच और ग्राम सचिव के संयुक्त डिजिटल हस्ताक्षर का प्रावधान था। पंचायत समितियों और जिला परिषदों के भुगतान भी अधिकृत अधिकारियों के डिजिटल हस्ताक्षर से किए जाते थे।

विभाग की ओर से इस्तेमाल की जा रही भुगतान प्रणाली का संचालन पंचकूला की कंपनी ऑस्टियर सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड करती थी। भुगतान संबंधी निर्देश सॉफ्टवेयर के जरिए सीधे बैंक तक पहुंचते थे। अब पुलिस इस पूरी व्यवस्था, डिजिटल हस्ताक्षरों, भुगतान पोर्टल और बैंकिंग प्रक्रिया की जांच कर रही है।

पहले भी सामने आ चुका है बड़ा बैंकिंग घोटाला

हरियाणा के पंचायत विभाग के साथ यह इस साल सामने आया दूसरा बड़ा बैंकिंग धोखाधड़ी का मामला है। इससे पहले फरवरी 2026 में IDFC First Bank और AU Small Finance Bank से जुड़े कथित घोटाले में भी सरकारी धन के गबन का मामला सामने आया था। उस मामले में पंचायत विभाग को करीब 90 करोड़ रुपये का नुकसान होने की जानकारी दी गई थी।

इसके बाद राज्य सरकार ने विभागीय खातों को पंजाब नेशनल बैंक में स्थानांतरित करने का फैसला किया था। लेकिन अब नए बैंकिंग सिस्टम से जुड़े खातों में भी कथित साइबर धोखाधड़ी सामने आने से भुगतान व्यवस्था की सुरक्षा पर सवाल उठे हैं।

पुलिस जांच में कई गिरफ्तारियां, रकम फ्रीज कराने की कोशिश

पुलिस ने शुरुआती जांच के दौरान संदिग्ध लेनदेन से जुड़े बैंक खातों और उनके लाभार्थियों की पड़ताल शुरू की। द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, जांच एजेंसियों ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है और संदिग्ध खातों में भेजी गई रकम का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। रिपोर्टों के मुताबिक, 25 करोड़ रुपये से अधिक की रकम फ्रीज कराई जा चुकी है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि भुगतान प्रक्रिया में सेंधमारी कैसे हुई, डिजिटल हस्ताक्षरों का दुरुपयोग किस तरह किया गया और बैंकिंग सिस्टम में किस स्तर पर सुरक्षा चूक हुई। कंपनी, विभाग और बैंक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के वित्तीय लेनदेन पर निगरानी

हरियाणा के वित्त सचिव सुधीर राजपाल ने कहा कि राज्य का वित्तीय संचालन दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का है। ऐसे में डिजिटल भुगतान की मजबूत सुरक्षा और लगातार निगरानी बेहद जरूरी है।

सरकार के नए निर्देशों का मकसद केवल पंचायत विभाग तक सीमित नहीं है। सभी वित्तीय योजनाओं की तकनीकी सुरक्षा जांचकर भविष्य में इस तरह की अनधिकृत निकासी रोकने की व्यवस्था तैयार की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इस साइबर धोखाधड़ी में किन लोगों की भूमिका थी और सरकारी धन की निकासी किस तकनीकी तरीके से की गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.