चंडीगढ़, 28 नवंबर 2026 | 23 दिसंबर को होने वाले नगर निगम चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा के बाद शनिवार को कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की की ओर से जारी 30 उम्मीदवारों की सूची में पार्टी ने इस बार कई कई नए चेहरों पर भरोसा जताया है, जबकि तीन मौजूदा पार्षदों समेत कई वरिष्ठ नेताओं के टिकट काट दिए गए हैं। टिकट वितरण में पार्टी के अंदर चल रही गुटबाजी और वर्चस्व की लड़ाई भी साफ नजर आ रही है। सूची से यह स्पष्ट है कि प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की अपने करीबी नेताओं को टिकट दिलाने में कामयाब रहे हैं, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल के खेमे को अपेक्षित तरजीह नहीं मिली।
बीजेपी नेता के भांजे को कांग्रेस ने दिया टिकट
कांग्रेस की सूची में वार्ड नंबर 10 से उम्मीदवार बनाए गए रंजीत सिंह उर्फ रोनी का नाम खास चर्चा में है। वह बीजेपी नेता देविंदर सिंह बबला के भांजे हैं। हालांकि, दोनों के बीच पारिवारिक और राजनीतिक संबंधों में तनाव की खबरें सामने आती रही हैं।
हाल ही में दोनों के बीच सड़क पर बहस का वीडियो भी वायरल हुआ था। ऐसे में रोनी को कांग्रेस का टिकट मिलना चुनावी मुकाबले में एक दिलचस्प राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।
एचएस लक्की ने इस फैसले को पारिवारिक विवाद से जोड़ने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने वार्ड के मेहनती और उपयुक्त उम्मीदवार को टिकट दिया है।
नंदिता हुड्डा समेत कई नए चेहरों को मौका
वार्ड नंबर 13 से कांग्रेस ने नंदिता हुड्डा को उम्मीदवार बनाया है। वह पंजाब पुलिस में सब-इंस्पेक्टर रह चुकी हैं और राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल हुई थीं। बाद में उन्होंने वकालत शुरू की।
इसके अलावा वार्ड नंबर 2 से अमनदीप कौर निज्जर पहले स्कूल काउंसलर रह चुकी हैं। वार्ड नंबर 5 से ज्योतिषी प्रदीप शर्मा को टिकट दिया गया है। वार्ड नंबर 1 से मलकीत सिंह फोटोग्राफी का कारोबार करते हैं।
पार्टी ने वार्ड नंबर 30 से रश्मि प्रिम्टा को भी मैदान में उतारा है। उनके पास डबल एमए की डिग्री है और वह हिमाचल प्रदेश से ताल्लुक रखती हैं।
पांच मौजूदा पार्षदों पर दोबारा जताया भरोसा
कांग्रेस ने नए चेहरों के साथ अनुभव का संतुलन बनाने की भी कोशिश की है। पार्टी ने पांच मौजूदा पार्षदों को दोबारा उम्मीदवार बनाया है।
इनमें सचिन गलाव, रामचंद्र यादव, तरुणा मेहता, प्रेम लता और गुरप्रीत गाबी शामिल हैं। हालांकि, कुछ मौजूदा पार्षदों को टिकट नहीं मिला है। इससे पार्टी के भीतर उम्मीदवार चयन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
बीजेपी और AAP भी घोषित कर चुकी हैं उम्मीदवार
चंडीगढ़ नगर निगम की 35 सीटों के लिए राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस ने 30 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इससे पहले बीजेपी 23 और आम आदमी पार्टी 17 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी थी।
शिरोमणि अकाली दल भी चुनाव की तैयारी में है। बीजेपी और अकाली दल के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत की खबरें सामने आई हैं।
23 दिसंबर को होगा मतदान
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए 23 दिसंबर 2026 को मतदान होना है। वहीं, 26 दिसंबर को मतगणना और परिणाम घोषित किए जाने की जानकारी सामने आई है।
अब कांग्रेस के सामने बाकी पांच वार्डों में उम्मीदवार तय करने की चुनौती है। साथ ही बीजेपी, AAP और अकाली दल की रणनीति भी चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बनाएगी।