नई दिल्ली, 28 नवंबर 2026। पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य को मार्च, 2022 से अब तक दो लाख करोड़ रुपये के 10,673 निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनसे 6,63,410 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) 2026 में पंजाब मंडप को विषय आधारित प्रस्तुति श्रेणी में स्वर्ण पदक मिला है। पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम (पीएसआईईसी) द्वारा 450 वर्ग मीटर क्षेत्र में तैयार इस मंडप को ‘विकास और विरासत’ विषय पर आधारित प्रस्तुति के लिए चुना गया।
अरोड़ा ने भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले को संबोधित करते हुए कहा कि ‘विकास और विरासत’ विषय पंजाब की उस पहचान को दर्शाता है, जहां परंपरा और उद्यमिता हमेशा साथ-साथ आगे बढ़े हैं।
उन्होंने कहा कि लुधियाना के होजरी और साइकिल उद्योग, जालंधर के खेल सामान और हाथ के औजारों तथा मंडी गोबिंदगढ़ के इस्पात उद्योग और बटाला की फाउंड्री जैसी औद्योगिक गतिविधियां पीढ़ियों से परिवारों के प्रयासों से विकसित हुई हैं। राज्य में अब 18.12 लाख पंजीकृत सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (एमएसएमई) हैं।
अरोड़ा ने कहा, ‘‘यह हमारी उद्योग विरासत है।’’
उन्होंने कहा कि 16 मार्च, 2022 से 10 नवंबर, 2026 के बीच राज्य को करीब दो लाख करोड़ रुपये के 10,673 निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनसे 6,63,410 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। टाटा स्टील, नेस्ले, पेप्सिको, यूनिलीवर, कारगिल, डैनोन, लिंडे, यानमार, फ्रायडेनबर्ग, सनजिन, टोप्पन और सनातन टेक्सटाइल्स जैसी प्रमुख कंपनियां राज्य में अपना कारोबार स्थापित कर चुकी हैं।
पंजाब मंडप का दौरा करने के बाद अरोड़ा ने निवेशकों से वहां आने और ‘इन्वेस्ट पंजाब’ की टीम से मिलने की अपील की।
साभार: वेब वार्ता