दिल्ली के बिंदापुर में झगड़ा शांत कराने पहुंचे साहिल पर तीसरी मंजिल से फेंका गैस सिलिंडर, सिर में चोट लगने से मौत

0

नई दिल्ली, 28  नवंबर 2026 | दिल्ली के द्वारका स्थित बिंदापुर एक्सटेंशन में शुक्रवार शाम एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पड़ोसियों के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने पहुंचे 28 वर्षीय साहिल की गैस सिलिंडर की चपेट में आने से मौत हो गई। आरोप है कि तीसरी मंजिल से एक व्यक्ति ने भरा हुआ LPG सिलिंडर नीचे फेंक दिया, जो सीधे साहिल के सिर पर जा लगा।

गंभीर रूप से घायल साहिल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी शिवम शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पड़ोसियों के बीच झगड़ा शांत कराने पहुंचा था साहिल

परिवार और मौके से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम गली में दो पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान साहिल उर्फ जोजो विवाद शांत कराने के इरादे से वहां पहुंचा। आरोप है कि झगड़ा कर रहा शख्स नशे की हालत में था। कुछ देर बाद वह अपने घर की तीसरी मंजिल पर चला गया और वहां से गुस्से में गैस सिलिंडर नीचे फेंक दिया। सिलिंडर सीधे साहिल के सिर पर जा लगा। चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

बिंदापुर एक्सटेंशन की राधिका अपार्टमेंट में हुई घटना

पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार शाम करीब 7 बजे बिंदापुर एक्सटेंशन स्थित राधिका अपार्टमेंट की है। इमारत के पार्किंग क्षेत्र में कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया।

इसी बीच साहिल वहां पहुंचा और झगड़ा शांत कराने की कोशिश करने लगा। आरोप है कि विवाद के बाद तीसरी मंजिल पर रहने वाला शिवम शर्मा गुस्से में ऊपर गया और बालकनी से गैस सिलिंडर नीचे फेंक दिया। सिलिंडर नीचे खड़े साहिल के सिर पर लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना के बाद स्थानीय लोग साहिल को तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। बाद में उसे दीन दयाल उपाध्याय (DDU) अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डाबड़ी थाने में शुक्रवार शाम करीब 7:15 बजे PCR कॉल के जरिए घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने आरोपी की पहचान 24 वर्षीय शिवम शर्मा के रूप में की है। वह उसी इमारत की तीसरी मंजिल पर रहता है और बिंदापुर की एक फैक्ट्री में सिलाई का काम करता है।

द्वारका के DCP कुशल पाल सिंह के मुताबिक, आरोपी शुक्रवार सुबह से शराब पी रहा था और काम पर भी नहीं गया था। शाम को पार्किंग में विवाद होने के बाद उसने कथित तौर पर सिलिंडर नीचे फेंक दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।

परिवार में पत्नी और डेढ़ साल का बेटा

साहिल अपने परिवार के साथ उसी इमारत में रहता था। वह साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाकर परिवार का गुजारा करता था। उसके परिवार में पत्नी रितु, करीब डेढ़ साल का बेटा और मां हैं।

परिवार के मुताबिक, साहिल घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस घटना के पूरे क्रम का पता लगाने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि पार्किंग में विवाद किस बात पर शुरू हुआ और सिलिंडर फेंकने की घटना किन परिस्थितियों में हुई।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.